
बालोद. बालोद के गुण्डरदेही विधानसभा में निर्वाचन आयोग के उडऩदस्ते ने 500 पेटी अवैध शराब पकड़ा है। शुक्रवार रात जांच के दौरान वाहन क्रमांक सीजी 07, 8595 से शराब की लगभग 500 पेटियां मिली। जिसे उडऩदस्ते की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। इधर गुण्डरदेही विधायक व जोगी कांग्रेस के मौजूदा प्रत्याशी राजेंद्र राय ने शराब बांटने का आरोप बीजेपी प्रत्याशी दीपक साहू पर लगाया है।
राय ने कहा बीजेपी लोगों को शराब बांटकर अपने पक्ष में वोट देने की अपील कर रही है। बालोद जिला में चुनाव में सबसे ज्यादा खर्च तीनों विधान सभा में भाजपा प्रत्याशियों ने किया है। जिसमें सबसे आगे गुण्डरदेही प्रत्याशी दीपक साहू हैं। वे अब तक 9 लाख रुपए इस चुनाव में खर्च कर चुके हैं।
भिलाई में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यकर्ता को पीटा
इधर भिलाई में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यकर्ता की बीती रात जमकर पिटाई कर दी। जिसके बाद आक्रोशित बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शनिवार सुबह खुर्सीपार थाने का घेराव कर दिया। आधा सैकड़ा कर्यकर्ता मारपीट के आरोपी एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग करते हुए खुर्सीपार थाने में डटे हुए हैं।
अस्पताल पहुंच पीडि़त
मिली जानकारी के अनुसार मारपीट से घायल बीजेपी कार्यकर्ता प्रशांत कुमार को उपचार चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बने हुए है। इधर थाने में पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ता आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। फिलहाल खुर्सीपार टीआई पीडि़त पक्ष से बात कर रहे हैं।