
बालोद जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्ततम मार्ग सदर मार्ग को कब्जा मुक्त करने के लिए मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में बैठक हुई। एसडीएम नूतन कंवर ने स्पष्ट कहा कि सदर मार्ग में किसी ने भी शासकीय जमीन पर कब्जा किया है तो वह हटेगा। राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज शासकीय जमीन को कब्जा मुक्त करना है। घड़ी चौक से पूरे सदर मार्ग, बुधवारी बाजार मार्ग और रामदेव चौक से मधु चौक तक के सभी घर मालिकों को अपनी वैध जमीन के दस्तावेज एसडीएम के पास प्रस्तुत करने होंगे। इसके लिए 10 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद आगामी माह में कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने भी कहा कि नियम के तहत अवैध कब्जा हटाया जाएगा। उन्होंने अतिक्रमण हटने और बालोद को बेहतर शहर बनाने की इच्छा व्यक्त की। हालांकि उन्होंने एसडीएम से नियमों में कुछ राहत दिलाने का अनुरोध भी किया।
यह भी पढ़ें :
राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार रामदेव चौक से मधु चौक तक सड़क की चौड़ाई 20-30 मीटर है, पर वर्तमान में यह 8-11 मीटर चौड़ी है। लगभग 10 मीटर जमीन पर कब्जा है। दुर्गा मंदिर से सदर मार्ग पर रिकॉर्ड में 10 से 18 मीटर चौड़ी सड़क है, जबकि वर्तमान में मात्र 6 से 8 मीटर है। घड़ी चौक से सदर मार्ग पर रिकॉर्ड में 20 से 25 मीटर चौड़ी सड़क है। वर्तमान में यह 5 से 8 मीटर ही चौड़ी है। इसी तरह, हलधर नाथ योगी चौक से पुराना भारत जनरल स्टोर तक सड़क की चौड़ाई रिकॉर्ड में 20 से 46 मीटर है। वर्तमान स्थिति में यह मार्ग 6 से 14 मीटर ही है।
अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम ने चार टीमें बनाई हैं। हर टीम में आठ सदस्य होंगे व एक अधिकारी रहेंगे। दल एक में तहसीलदार आशुतोष शर्मा के साथ आठ अन्य अधिकारी, जिसमें पटवारी, राजस्व निरीक्षक, कोटवार आदि रहेंगे। इनकी जिम्मेदारी नेशनल हाइवे 930 न्यू बीकानेर से पुराना बस स्टैंड, पुराना भारत जनरल स्टोर तक रहेगा। दल क्रमांक दो में अतिरिक्त तहसीलदार संध्या नामदेव की टीम पुराना भारत जनरल स्टोर्स से रामदेव चौक तक सर्वें करेगी। दल क्रमांक तीन की जवाबदारी नायब तहसीलदार मुकेश गजेंद्र को दी है। इनकी टीम रामदेव चौक से मधु चौक तक सर्वें करेगी। दल नंबर चार की जवाबदारी नगर पालिका सीएमओ मोबिन अली को दी है। इनकी टीम नेशनल हाइवे 930 दुर्गा मंदिर से क्लाडिय़स गली तक सर्वें करेगी।
यह भी पढ़ें :
सात दिन शहर के इन प्रमुख मार्गों का सर्वे किया जाएगा और राजस्व रिकॉर्ड से जमीन का मिलान होगा। इसके बाद नियम के तहत नोटिस जारी किया जाएगा। कब्जा नहीं हटा तो बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, पुलिस विभाग से एएसपी, एसडीओपी, बिजली विभाग के ईई, पीडब्ल्यूडी ईई, आरटीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, नगर पालिका के सीएमओ, जिला यातायात प्रभारी, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, प्रभावित क्षेत्र के सभी पार्षद और व्यापारी संघ के अध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।