बालोद

छत्तीसगढ़ में मुरासू तूफान का असर, तेज बारिश और हवा से खेतों में बिछी धान की फसल, किसानों की बढ़ी चिंता

Cyclone Murasu: गुंडरदेही में मुरासू तूफान के असर से तेज बारिश और हवा ने धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। खेतों में फसल बिछने और पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ी।
less than 1 minute read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 12:22 PM IST
Cyclone Murasu
तेज बारिश और हवा से खेतों में बिछी धान की फसल (Photo Patrika)

Cyclone Murasu: अर्नब के बाद मुरासू तूफान के असर से मंगलवार दोपहर गुंडरदेही अंचल में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई। करीब दो बजे शुरू हुई बारिश देर तक जारी रही। बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई गांवों में खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है, वहीं कटाई के बाद खेतों में रखी फसल भी पानी में डूब गई है।

धान की फसल पककर कटाई के कगार पर थी, लेकिन बारिश और तेज हवा ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में पानी भरने से धान के अंकुरित होने और सडऩे का खतरा बढ़ गया है। किसानों को आशंका है कि यदि एक-दो दिन में खेतों से पानी नहीं निकला तो पूरी फसल खराब हो सकती है। खलिहानों में रखी उपज भी बारिश से प्रभावित हुई है।

लागत निकालना भी मुश्किल

इस साल धान की फसल अच्छी हुई थी, लेकिन बेमौसम बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। किसान रामकुमार साहू, ललित यादव सहित अन्य किसानों ने बताया कि फसल खराब होने से लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। धान के साथ सब्जी की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

किसानों को अब मौसम खुलने का इंतजार

अचानक हुई बारिश के बाद किसानों की निगाहें अब मौसम पर टिकी हैं। किसान चाहते हैं कि जल्द धूप निकले और खेतों में भरे पानी की निकासी हो सके, ताकि बची हुई फसल को खराब होने से बचाया जा सके। यदि मौसम साफ नहीं हुआ और बारिश का सिलसिला जारी रहा तो किसानों को और नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Updated on:
4 Nov 2026, 12:22 PM IST
Published on: