
Paddy Procurement in Chhattisgarh: बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। इसके लिए किसानों को मंगलवार से ऑनलाइन ऐप के माध्यम से टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बार टोकन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब समिति कार्यालय से 30 प्रतिशत और ऑनलाइन ऐप के माध्यम से 70 प्रतिशत टोकन जारी होंगे। इससे किसानों को समिति कार्यालयों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों से राहत मिलेगी। जिले में खरीदी 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। इसके लिए सभी 161 खरीदी केंद्रों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन का दावा है कि इस बार किसानों को खरीदी के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
नई व्यवस्था के तहत टोकन जारी करते समय ही धान बेचने की मात्रा निर्धारित कर दी जाएगी। यदि किसान निर्धारित मात्रा से कम धान बेचता है तो शेष मात्रा अगले टोकन में नहीं जोड़ी जाएगी। इसलिए किसानों को टोकन कटवाते समय अपनी
फसल की उपलब्ध मात्रा का ध्यान रखना होगा।
जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए कुल एक लाख 58 हजार 527 किसानों ने एग्रीस्टैक में पंजीयन कराया है। जिला नोडल अधिकारी सीआर रावटे के अनुसार सभी पंजीकृत किसानों का सत्यापन पूरा हो चुका है। इस वर्ष 5 हजार 807 नए किसानों ने भी पंजीयन कराया है। शासन ने पंजीयन की अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित की है। ऐसे में शेष किसान निर्धारित समय तक पंजीयन करा सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि पंजीयन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने से फर्जी किसानों और बिचौलियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
इस बार धान खरीदी में पहचान की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। खरीदी केंद्रों में किसान अथवा उनके पंजीकृत अधिकृत नॉमिनी की पहचान बायोमेट्रिक तरीके से की जाएगी। इसके लिए अंगूठे के निशान, आंखों की पुतली अथवा चेहरे से सत्यापन होगा। सामान्य परिस्थितियों में आधार आधारित ओटीपी से धान बेचने की व्यवस्था बंद रहेगी।
नोडल अधिकारी के अनुसार ओटीपी व्यवस्था में गड़बड़ी और दूसरे व्यक्तियों की ओर से किसान के नाम पर धान बेचने की शिकायतें मिलती थीं। नई व्यवस्था से इस पर रोक लगेगी। किसान या उनके अधिकृत नॉमिनी की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
सभी 161 केंद्रों में तौल कांटा, नमी मापक यंत्र, बारदाना, कंप्यूटर और इंटरनेट की व्यवस्था की जा रही है। किसानों के बैठने, पेयजल और छाया के इंतजाम भी किए जा रहे हैं। प्रशासन ने केंद्र प्रभारियों को खरीदी शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। किसानों को धान अच्छी तरह सुखाकर लाने की सलाह दी जा रही है, क्योंकि निर्धारित सीमा से अधिक नमी वाला धान नहीं खरीदा जाएगा।
इस बार नए खरीदी केंद्र भी खोले गए हैं। इससे दूरस्थ गांवों के किसानों को राहत मिलेगी और परिवहन पर होने वाला खर्च भी कम होगा। किसानों ने उम्मीद जताई है कि इस बार बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, सही तौल और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।