बालोद

Chhattisgarh Breaking news : विकास कार्यों का टेंडर खुलने से पहले कलक्टर का स्टे, ऐसा क्यों

डौंडीलोहारा नगर पंचायत में पांचवीं बार विकास कार्यों के टेंडर जारी करने निविदा खोला जाना था, पर कुछ ठेकेदारों की शिकायत पर मामला अधर में लटक गया है।
2 min read
• •
Updated: 27 Feb 2018, 9:05 AM IST
tender

बालोद/डौंडीलोहारा. नगर पंचायत में सोमवार को पांचवीं बार विकास कार्यों के टेंडर जारी करने के लिए निविदा खोला जाना था, पर कुछ ठेकेदारों की शिकायत पर मामला फिर अधर में लटक गया है। कलक्टर ने निविदा में स्टे लगा दिया है। डौंडीलोहारा एसडीएम को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने कहा गया है।

एसडीएम को जांच का जिम्मा
ज्ञात रहे कि पूरे प्रदेश के नगरीय निकाय के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब लगातार लगभग 3 साल में लगभग 5 करोड़ रुपए के 5 टेंडर शिकायतों व चहेतों को लाभ पहुंचाने तथा रिंग बनाकर करोड़ों की सरकारी राशि की हेराफेरी की शिकायतों के कारण टेंडर विवादों में फंसा हुआ है। इस बार 27 जनवरी को जारी लगभग एक करोड़ 64 लाख की निविदा पर बालोद निवासी शंकर चैनानी की शिकायत पर कलक्टर डॉ. सारांश मित्तर ने तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुए निविदा प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा एसडीएम को इसकी जांच कर प्रतिवेदन पेश करने कहा गया है। वहीं मामले में सोशल मीडिया पर नगर पंचायत की जमकर किरकिरी हो रही है।

सामंजस्य नहीं होने से बनी स्थिति
सूत्रों के अनुसार इस बार फिर करोड़ो की सरकारी राशि की बंदरबाट करने की कुछ ठेकेदारों ने बनाई थी आपसी सामंजस्य बनाकर मनमाफिक निविदा दर भरकर फिर शासन को करोड़ो रुपयों का चूना लगाने की योजना थी इसकी तैयारी भी कर ली गई थी निविदा खुलने ही वाली थी कि कलेक्टर ने निविदा में प्रथम दृष्टया अनियमितता की संभावना व्यक्त करते हुए स्टे आर्डर जारी कर दिया। मामले की जानकारी नगर पंचायत सीएमओ को मिलते ही उन्होंने निविदा खोलने पर रोक लगा दी।

मूलभूत सुविधा को तरसे लोग
यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की गड़बड़ी व चहेतों को लाभ पहुंचाने के चलते नगर विकास की बलि चढ़ी हो। लगातार शिकायतों व अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की मनमानी कार्यप्रणाली से इससे पहले भी करोड़ों की निविदाएं विवादों की भेंट चढ़ चुकी है। कुछ ठेकेदारों की मनमानी से जहां पिछले 3 साल में करोड़ों की निविदाएं विवादों में फंस गई है, तो वहीं इसका खामियाजा नगर व पूरे 15 वार्डों की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

विकास में पिछड़ गया नगर
जिन कार्यों की निविदा लगातार विवादों में जा रही है उनमें अधिकांश सीसी रोड निर्माण, नल-जल सामग्री व मूलभूत कार्य शामिल है जिससे नगर वासी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं। निकाय को इस कार्यकाल में शासन से करोड़ों की राशि भी प्राप्त हुई है परंतु विकास के मामले में नगर पूरी तरह पिछड़ चुका है।

कलक्टर से स्टे लगाने आया है पत्र
नगर पंचायत डौंडीलोहारा के सीएमओ तरुण पाल लहरे ने बताया कलक्टर से टेंडर प्रक्रिया में स्टे लगाने संबंधी पत्र प्राप्त हुआ है। मामले में फिलहाल आदेश का पालन करते हुए निविदा नहीं खोली जा रही है। रिंग बनाने के संबंध में निकाय कुछ नहीं कर सकता। निकाय के बाहर क्या होता है इससे हमें कोई लेना-देना नहीं है। कुल 226 निविदा प्रपत्र प्राप्त हुए हैं जिसे फिलहाल नहीं खोला गया।

निविदा फॉर्म लेने से कर दिया वंचित
शिकायतकर्ता ठेकेदार शंकर चैनानी ने बताया नियम विरुद्ध चहेतों को लाभ पहुंचाने निकाय के जिम्मेदारों द्वारा मुझे निविदा फॉर्म लेने से ही वंचित कर दिया गया। नगर पंचायत में पदस्थ जनप्रतिनिधि ही अपने रिश्तेदारों के नाम पर ठेकेदारी कर रहे हैं। नगर का एक अन्य नेतानुमा ठेकेदार कुछ ठेकेदारों के साथ मिलकर हर बार करोड़ों की सरकारी राशि का बंदरबाट करने की योजना बनाता है जिसके कारण हर बार निविदा विवादों में चली जाती है। अधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद इस तरह के विकास विरोधी स्वार्थी लोगों को संरक्षण दिया जाता है।

Published on: