बालोद

सहकारी समिति हाथकरघा से महिलाओं को मिला रोजगार का मार्ग, परिवार खुशहाल

महिला बुनकर सहकारी समिति राजहरा के अधिकारी, कर्मचारी व पदाधिकारियों ने रायपुर जाकर राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के क्रियाकलापोंं का अवलोकन किया।
2 min read
• •
Updated: 9 Aug 2018, 8:45 AM IST
balod patrika
सहकारी समिति हाथकरघा से महिलाओं को मिला रोजगार का मार्ग, परिवार खुशहाल

बालोद/दल्लीराजहरा. महिला बुनकर सहकारी समिति राजहरा के अधिकारी, कर्मचारी व पदाधिकारियों ने रायपुर जाकर राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के क्रियाकलापोंं का अवलोकन किया। इस दौरान अधिकारियों ने समिति सदस्यों को उत्पादन पर आवश्यक मार्गदर्शन दिए। महिलाओं ने इस दौरान धागे से लेकर उत्पादन और गोदाम तक की प्रक्रिया जानी।
इस दौरान राज्य हाथकरघा संघ ने भनपुरी स्थित गोदाम में प्रदेश भर की प्राथमिक सहकारी समितियों को धागा प्रदाय की प्रक्रिया बताई। बुने हुए कपड़े एकत्र करने के तरीके, कपड़ा सिलाई एवं एकत्रीकरण की पूरी प्रक्रिया को देखा। उक्त संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन मिला। वहीं राजहरा बुनकर समिति ने राज्य हाथकरघा संघ के सचिव व अन्य अधिकारियों से भेंट कर समिति को मिले अब तक के सहयोग के लिए उनका आभार जताया। गुलदस्ता भेंटकर उन्हें सम्मानित किया।

टाटपट्टी बनाने का लिया प्रशिक्षण
बुनकर सहकारी समिति से जुड़ी महिलाओं ने उत्पादित कपड़ा पहली बार राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के भनपुरी गोदाम में पहुंचा है। जिसके बिल बनाने की प्रक्रिया पूरी करने तथा कार्यप्रणाली को जानने व समझने के लिए महिलाओं का दल रायपुर पहुंचा था। इसके अलावा इस दल ने सहकारिता विभाग संभाग के प्रमुख अधिकारी संयुक्त पंजीयक एसएल विश्वकर्मा से भेंट किया। वहीं दुर्ग बुनकर भवन में महिलाओं द्वारा किए जा रहे बुनाई कार्य का अवलोकन भी किया। जहां उन्होंने विशेषकर दुर्ग की महिलाओं द्वारा टाटपट्टी बुनाई की प्रक्रिया को देखा। बालोद जिला सहकारी संघ के मार्गदर्शन से पहुंचे इस दल में जिला सहकारी संघ अध्यक्ष झुनमुन गुप्ता, राजहरा महिला बुनकर समिति अध्यक्ष प्रिया निर्मलकर, उपाध्यक्ष रीनेश्वरी साहू, जिला सहकारी संघ प्रतिनिधि निर्मला यादव, प्रबंधक कीर्ति साहू व वरिष्ठ प्रशिक्षक व्यास नारायण साहू शामिल थे।

रायपुर के गोदाम में प्रतिमाह पहुंचता है 60 हजार मीटर कपड़ा
राज्य हाथकरघा एवं विपणन सहकारी संघ राज्य भर की बुनकर सहकारी समितियों के माध्यम से बुनकरों तक धागा पहुंचाता है। बुनकर धागों से कपड़ा बुनने के बाद उत्पादित कपड़ा समितियों में जमा करता है। जहां से वह राज्य सहकारी संघ के भनपुरी स्थित गोदाम में पहुंचता है। 10-10 हजार वर्गफुट के गोदामों में सारी प्रक्रियाओं को अंजाम दिया जाता है। वर्तमान में राज्य के विभिन्न जिलों से उत्पादित लगभग 60 हजार मीटर कपड़ा प्रतिदिन इस गोदाम में पहुंच रहा है। जहां राज्य हाथकरघा संघ द्वारा कपड़ों की जांच के बाद कपड़े के सभी थान को बोरियों में भरकर रंगाई के लिए हैदराबाद भेजा जाता है। रंगाई के बाद वापस आने पर कपड़ों को पुन: राज्य भर के महिला स्व सहायता समूहों को प्रदान किया जाता है जो। आवश्यक कपड़ा सिलने के बाद प्रति कार्टून में 100 पीस पेकिंग के साथ राज्य हाथकरघा संघ को देती है। धागा गोदाम प्रभारी राजाराम एवं कपड़ा गोदाम प्रभारी पीसी नंदे ने पूरी प्रक्रिया को विस्तार से बताया।

महिलाओं को सफलता के दिए टिप्स
इस अवसर पर राज्य हाथकरघा संघ के सचिव एवं उप संचालक बीपी मनहर का अभिनंदन किया गया। वहीं बीपी मनहर ने बुनकर सहकारी समिति के सफल संचालन एवं महिलाओं को अधिक से अधिक आर्थिक लाभ पाने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। अधिक उत्पादन कर सदस्यों को लाभ दिलाने कहा। उन्होंने समिति के ड्रम स्थापना के लिए रिवाल्विंग फंड का आवेदन आने पर नियमानुसार राज्य हाथकरघा संघ से डेढ़ लाख रुपए सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया। सहायक संचालक राजू कोल्हे ने समिति सदस्यों को अच्छी क्वालिटी के कपड़े उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने का सुझाव दिया। मौके पर सेवानिवृत्त उप संचालक एचएल नारंग व बीपी संग सहित कई अधिकारी व कर्मचारियोंं का मार्गदर्शन मिला।

Published on: