
बालोद . ग्राम खर्रा की घटना की जांच के लिए गुंडरदेही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी जुट गए हैं। भ्रष्टाचार की ईंटों से बनी पानी की टंकी के गिरने से अब पूरे रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं। सरपंच, सचिव व संबंधित पंच व अधिकारियों से बयान दर्ज किया जा रहा है। इधर इस मामले की जांच कर जनपद पंचायत सीईओ प्रकाश मेश्राम ने रिपोर्ट कलक्टर, जिला पंचायत सीईओ व एसडीएम को सौंप दी है।
गुणवत्ताहीन था पानी टंकी
रिपोर्ट में जनपद सीईओ ने पंचायत सरपंच, सचिव, व पंच को दोषी ठहराया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि पानी टंकी का निर्माण गुणवत्ताहीन था। बिना बीम, सरिया, नींव के यह टंकी का निर्माण कराया गया था। इसी वजह से यह घटना घटी जिससे दो बच्चों की मौत हो गई। अब इस मामले में तीनों दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी यह आगे पता चलेगा।
पहली बार पानी भरा और ढह गई टंकी ने ले ली दो बच्चों की जान
गौरतलब हो कि गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम खर्रा में रविवार की सुबह 7 बजे 25 हजार रुपए की लागत से बनी पानी की टंकी पानी भरते ही ढह गई, जिसमें 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई और एक बच्ची घायल हो गई। स्थिति अभी ठीक है। ग्रामीणों ने बताया कि टंकी में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। गुणवत्ताहीन सामग्रियों का उपयोग कर पानी टंकी का निर्माण किया गया था।
गुंडरदेही जनपद क्षेत्र में भ्रष्टाचार से लगातार घट रही है घटनाएं
गुंडरदेही जनपद पंचायत क्षेत्र में भ्रष्टाचार की यह पहली घटना नहीं है यहाँ के जनपद अधिकारी की लापरवाही और कमजोरी से इस छेत्र के कई ग्राम। पंचायतों में इस तरह की भ्रष्ट कार्य किए जा रहे है शायद जनपद के जिम्मेदार अधिकारी भी ऐसे भ्रस्ट कार्यो में शामिल रहते हैं। गुंडरदेही जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्यों की अगर निष्पक्ष जाँच की जाए तो वास्तविकता सामने आएगी, यह कहना गलत नहीं हैं की ग्राम पंचायतों में हो रहे विकास कार्यों में जनपद के अधिकारी का कमीशन बंधा हुआ हैं।
जिम्मेदार नहीं ले रहे सबक
बाकी कुछ हिस्सों में जनप्रतिनिधि व सरपंच-सचिव अपना हक़ जमा लेते हैं, ऐसे तैसे करते करते स्वीकृत राशि में सिर्फ 70 से 75 प्रतिशत पैसों से ही निर्माण कार्य होते हैं, जो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते हैं, और इसी तरह हादसे होते रहते हैं, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह निकल कर आ रहा हैं की इन हादसों से भी जिम्मेदार लोग सबक नहीं ले पाए हैं।
पहले भी घट चुकी है घटना
गुंडरदेही विकासखंड के ही ग्राम रौना में कुछ महीनो पहले इसी तरह तालाब किनारे बनी पचरी (दीवार) गिर गई थी, जिसकी चपेट में 7 महिलाएं आ गई थी, हालांकि गंभीर चोटें व बड़ा हादसा टल गया था, किन्तु गिरी दीवार में भी निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता बरती गई थी, जिसकी जाँच भी हुई थी, परंतु कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानपूर्ति कर संबंधित दोषियों को बचा लिया गया था।
जांच में सरपंच, सचिव व पंच को दोषी ठहराया
गुंडरदेही एसडीएम पीएल यादव ने बताया पानी टंकी के मामले की जांच जनपद पंचायत सीईओ गुंडरदेही की टीम ने जांच की है। जांच रिपोर्ट भी कलक्टर, जिला पंचायत सीईओ को दे दी है। रिपोर्ट में जनपद सीईओ ने ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव व पंच को दोषी ठहराया है। अब आगे की कार्रवाई जिला प्रशासन करेगा।