
बालोद. जिला सहकारी संघ मर्यादित बालोद के तत्वानधान में गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम सकरौद में एक दिवसीय सहकारी स्व-रोजगार प्रशिक्षण कार्यशाला रखी गई। जहां आसपास गांव की महिलाओं व ग्रामीणों को हाथकरघा के माध्यम से स्व-रोजगार के लिए मशरूम उत्पादन से आर्थिक उन्नयन और दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के माध्यम से लाभ कमाने के तरीके की जानकारी दी गई। इस दौरान अनेक महिलाओं ने हाथकरघा को स्व-रोजगार के रूप में अपनाने पर सहमत हुए। इस काम में महिलाओं का मार्गदर्शन जिला सहकारी संघ करेगा।
सहकारिता से रोजगार हासिल करना आसान
कार्यशाला में राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष लखन लाल साहू ने कहा सहकारिता व स्व-रोजगार का चोली-दामन का साथ है। अधिक से अधिक लोगों को स्व-रोजगार से जोडऩे में सहकारिता सबसे सक्षम माध्यम है। छोटे-छोटे कुटिर उद्मोगों के साथ अमूल, इफको, इंडियन काफी हाउस जैसे बड़े-बड़े सहकारी संस्थान लोगों को रोजगार देने का बड़ा जरिया बन चुके हैं। बालोद जिले में दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों तथा दुग्ध संयंत्र लगने के बाद अब हाथकरघा के क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य हो रहा है जिसके लिए बालोद जिला सहकारी संघ बधाई का पात्र हैं।
दल्ली के ३५ परिवार ने बनाया अतिरिक्त आय का जरिया
सहकारिता के माध्यम से स्व-रोजगार अपनाने वालों को जिला सहकारी संघ हरसंभव मदद देता है। सहकारिता के रास्ते, सबके वास्ते को चरितार्थ करते हुए बालोद जिला सहकारी संघ अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोड़कर स्व-रोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करने में जुटा हुआ है। बालोद जिला सहकारी संघ अध्यक्ष झुनमुन गुप्ता ने यह बात कहते हुए हाथकरघा के माध्यम से कपड़ा बुनाई को अपने रोजगार के रूप में अपना कर दल्लीराजहरा के 35 परिवार ने अपने अतिरिक्त आय का साधन स्वयं बना लिया है की जानकारी दी। राजहरा महिला बुनकर सहकारी समिति के माध्यम से इन महिलाओं ने संगठित होकर कार्य किया। आज इनकी समिति बहुत अच्छा उत्पादन कर प्रदेश स्तर पर अपना नाम रौशन कर रही है।
जिले में हाथकरघा से लाभान्वितों की संख्या 10 हजार से ज्यादा
हाथकरघा विभाग के सहायक संचालक डीके सोनी ने कहा कृषि के बाद सबसे अच्छा रोजगार देने का माध्यम बन चुका है। हाथकरघा। बालोद जिले में ही 2500 से उपर हाथकरघे संचालित है जिनसे 10 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हो रहे हैं। बुनकर जो कपड़ा बुनकर राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ को देते हैं वही कपड़ा स्कूल गणवेश के रूप में बच्चे पहन रहे हैं। शासन की नवीन बुनाई प्रशिक्षण योजना के साथ अनेक तरह की सुविधाएं शासन उपलब्ध करा रहा है। इसमें बुनकर परिवार के बच्चों की छात्रवृति, शिक्षा प्रोत्साहन राशि, बोनस, लाभांश जैसी अनेक योजनाओं का लाभ मिलता है।
मिलजुल कर खेती का काम करना भी सहकारिता
सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष संघ के जिला अध्यक्ष ठाकुर राम चन्द्राकर ने कहा खेती में हम मिल-जुल रोपाई, निंदाई व कटाई का काम करते हैं वह भी एक प्रकार की सहकारिता ही है। इस दौरान गंगा मैय्या दुग्ध उत्पादक व प्रसंस्करण सहकारी समिति अध्यक्ष अनिल मंत्री, जिला सहकारी संघ उपाध्यक्ष भुवनलाल साहू, अलिराम बढ़ई ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम संचालन संघ की प्रबंधक स्नेहलता साहू ने व आभार प्रदर्शन सकरौद सरपंच तामेश्वर देशमुख ने किया।