16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बस से भिड़ गए बाइक सवार 3 युवक, 1 की दर्दनाक मौत, हादसे की तस्वीर देख दहल जाएगा दिल

2 की हालत नाजुक, अंबिकापुर-राजपुर मार्ग पर ग्राम परसागुड़ी के पास हुई दुर्घटना, घायलों को भिजवाया मेडिकल कॉलेज अस्पताल, युवकों के नाम का नहीं चल सका है पता

2 min read
Google source verification
Bus-bike collision

Young man death

राजपुर. राजपुर से 5 किलोमीटर दूर अंबिकापुर मार्ग पर स्थित परसागुड़ी के पास बुधवार की देर शाम बस व बाइक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 1 युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को संजीवनी 108 से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि बस व बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। सूचना पर पहुंची राजपुर पुलिस ने पंचनामा पश्चात शव को पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।


बलरामपुर-रामानुजगंज के रामचंद्रपुर से यात्रियों को लेकर दुर्गा बस क्रमांक सीजी 15 एबी-9570 बुधवार की शाम अंबिकापुर जा रही थी। बस करीब 7.30 बजे राजपुर से 5 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम परसागुड़ी ढाबा के पास पहुंची ही थी कि सामने से बाइक क्रमांक सीजी-15 सीएस-7267 में सवार 3 युवक उससे टकरा गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सिर के बल सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने संजीवनी 108 की मदद से घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। इधर पुलिस ने बस जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

युवकों के नाम का नहीं चल सका है पता
सड़क दुर्घटना में मृत व घायल युवकों की उम्र 20-25 साल के आस-पास की बताई ता रही है। युवक राजपुर थानांतर्गत ग्राम दबगड़ी, गोपालपुर के रहने वाले हैं। समाचार लिखे जाने तक उनके नाम का पता नहीं चल पाया था। पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही थी।


तेज रफ्तार से हो रही दुर्घटना
दोपहिया-चारपहिया वाहनों की तेज रफ्तार से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इन दुर्घटनाओं में लोग जहां जान गंवा रहे हैं वहीं गंभीर रूप से घायल भी हो रहे हैं। तेज रफ्तार पर पुलिस द्वारा अंकुश लगाए जाने की आवश्यकता है।