बालोद जिले में बीते दिनों अचानक हुई ओलावृष्टि व बारिश से बालोद, गुरुर व गुंडरदेही क्षेत्र के लगभग 937 किसानों के चना, गेहूं की फसल को नुुकसान पहुंचा है। मुआवजा व फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग को लेकर कृषि विभाग को आवेदन दिया गया है। अब प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा […]
बालोद जिले में बीते दिनों अचानक हुई ओलावृष्टि व बारिश से बालोद, गुरुर व गुंडरदेही क्षेत्र के लगभग 937 किसानों के चना, गेहूं की फसल को नुुकसान पहुंचा है। मुआवजा व फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग को लेकर कृषि विभाग को आवेदन दिया गया है। अब प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कंपनी फसल का सर्वें करेगी। नुकसान का आकलन कर नियमानुसार फसल बीमा का लाभ दिया जाएगा। 16 मार्च को गुरुर क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई थी। बालोद व गुंडरदेही क्षेत्र के कुछ गांव में भी हल्की ओलावृष्टि हुई थी। किसानों ने अपने हिसाब से फसल नुकसान का आंकलन किया है, जिसमें किसी ने 15, 30 व किसी ने 40 प्रतिशत नुकसान की बात कही है। सही आंकड़ा सर्वे के बाद पता चलेगा।
कृषि विभाग में सबसे ज्यादा गुरुर ब्लॉक के किसानों ने आवेदन दिया है और फसल बीमा का लाभ दिलाने की मंग की है। गुरुर ब्लॉक में 20 से अधिक गांव में ओलावृष्टि हुई है। इसमें पेरपार, कंवर, पलारी, उसरवारा, दुपचेरा, नरबदा, सरबदा, अकलवारा, खुंदनी, खोरदो सहित अन्य गांव शामिल हैं।
यह भी पढ़ें :
किसानों की मांग व जिला प्रशासन के निर्देश के बाद किसानों की शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग के पटवारी, आरआई खेतों में पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रहे हैं। किसानों से भी बात कर रहे हैं। किसानों ने कहा कि मौसन में बदलाव, बदली व बारिश के कारण चना, गेहूं की फसलों की क्वालिटी व उत्पादन पर असर पड़ा है। प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। कृषि विभाग ने कहा कि फसल बीमा का लाभ नियमानुसार ही मिलेगा।
यह भी पढ़ें :
कृषि विभाग के उप संचालक आशीष चंद्राकर ने बताया कि जिले में दस हजार से अधिक किसानों ने फसल बीमा कराया हैं। फसल नुकसान के बारे में सबसे अधिक आवेदन गुरुर ब्लॉक से आए हैं। किसानों की सूची बनाई गई है और टीम स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट भी तैयार कर रही है। बीमा कंपनी भी स्थिति का जायजा लेकर आगे की कार्यवाही करेगी।
इधर 28 मार्च से जिले के मौसम में फिर बदलाव होने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान आगामी दिनों में बदली व हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।