बालोद

बालोद में भीषण सड़क हादसा, पिकअप-ट्रक की टक्कर में 5 लोगों की मौत, 6 घायल

pickup truck collision: पुरुर थाना क्षेत्र के मरकाटोला के पास तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में पिकअप सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं।
2 min read
• •
Sep 25, 2026
Purur road accident
पिकअप और ट्रक में जोरदार टक्कर (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Balod Road Accident: बालोद जिले के पुरुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरकाटोला के पास शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पिकअप में सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

कवर्धा से जगदलपुर जा रहे थे धुमाल पार्टी के सदस्य

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार सभी लोग धुमाल पार्टी के सदस्य थे। बताया जा रहा है कि वे कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मरकाटोला घाटी के पास पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुरुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

दो गंभीर घायलों को रायपुर किया गया रेफर

हादसे में घायल लोगों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का धमतरी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। हादसे के बाद घायलों में दहशत का माहौल है। कई घायल सदमे में होने के कारण फिलहाल अपनी आपबीती बताने की स्थिति में नहीं हैं।

एएसपी ने की घटना की पुष्टि

एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना पुरुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से किस तरह टकराई, इसकी जांच की जा रही है।

जिला अस्पताल पहुंचे महापौर रामू रोहरा

हादसे की जानकारी मिलने के बाद महापौर रामू रोहरा भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के उपचार की जानकारी ली और अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों से उनकी स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिला अस्पताल की डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुटी हुई है।

गृहमंत्री ने लिया संज्ञान

बालोद में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे का गृहमंत्री ने भी संज्ञान लिया है। हादसे की जानकारी अधिकारियों से ली गई है। साथ ही घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान समेत हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Updated on:
25 Sept 2026 02:17 pm
Published on:
25 Sept 2026 01:40 pm