PM Awas Yojana: पीएम आवास योजना के तहत मकान बनाने की सोच रहे हैं तो यह आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। योजना के तहत सर्वे शुरू हो गया है। इस बार आबादी भूमि वालों को मौका दिया जाएगा..
PM Awas Yojana: बालोद जिले के गुंडरदेही नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत ऐसे परिवार, जो लंबे समय से आबादी भूमि पर काबिज हैं और कच्चे मकानों में रह रहे हैं, उनके लिए खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाय-यू) 2.0 के तहत पात्र हितग्राहियों को पक्का मकान बनाने के लिए 2.5 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
नगर पंचायत प्रशासन ने इसके लिए सर्वे और आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विशेष बात यह है कि जो लोग लंबे समय से सुरक्षित रूप से काबिज हैं और नियमित रूप से नगरीय टैक्स का भुगतान कर रहे हैं, उन्हें योजना में प्राथमिकता दी जाएगी। शासन ने भूमि संबंधी नियमों को सरल कर दिया है, जिससे अधिक से अधिक गरीब परिवारों के घर का सपना पूरा हो सके।
नगर पंचायत गुंडरदेही कार्यालय में इसके लिए विशेष हेल्पडेस्क बनाया गया है। हितग्राही कार्यालयीन समय में जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। आने वाले दिनों में वार्डों में विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां मौके पर ही फॉर्म भरे जाएंगे।
नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रमोद जैन ने नगर के समस्त पात्र नागरिकों से समय रहते अपने दस्तावेज के साथ आवेदन जमा करने कहा है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे नगर पंचायत कार्यालय में संपर्क करें।
परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र के लिए वोटर आईडी/परिचय पत्र, बीपीएल या प्राथमिकता श्रेणी का राशन कार्ड, बैंक पासबुक (आधार से लिंक होना अनिवार्य), आबादी भूमि पर काबिज होने का प्रमाण या पुराने टैक्स भुगतान की रसीद। परिवार के मुखिया की पासपोर्ट साइज फोटो, आधार लिंक वाला मोबाइल नंबर।
Pm Awas: छत्तीसगढ़ ने आवास निर्माण में हासिल की बड़ी उपलब्धि, सालभर में बने 6 लाख से अधिक मकान