शुक्रवार रात्रि 11 बजे से शनिवार सुबह तक गरज चमक और रुक-रुक कर हुई तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तेज गरज चमक से जिले के 26 गांव में रात भर बिजली गुल रही।
बालोद. शुक्रवार रात्रि 11 बजे से शनिवार सुबह तक गरज चमक और रुक-रुक कर हुई तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तेज गरज चमक से जिले के 26 गांव में रात भर बिजली गुल रही। इससे इन गांव के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में पेड़ गिरने व बिजली तार टूटने की कोई खबर नहीं मिली बल्कि 26 गांव में आकाशीय बिजली चमकने के कारण बिजली उपकरणों में तकनीकी खराबी आ गई थी। इधर प्रभावित गांवों में शनिवार सुबह 12 बजे के करीब बिजली बहाल कर दी गई।
जिले में हुई 160 मिमी बारिश
भू अभिलेख शाखा के मुताबिक शुक्रवार रात्रि हुई गरज चमक के साथ तेज बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशियां ला दी है। बीते कुछ दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश से अब मानसून की आहट होने लगी है। अब कुछ दिनों से रात और सुबह हो रही बारिश के बाद अब किसानों का पूरा ध्यान खेती कार्य पर लग गया है। किसान बीज खाद खरीदने सोसाइटी पहुंच रहे हैं।
कहां कितनी हुई बारिश
बालोद 60.03 मिमी
गुरुर 6.00 मिमी
गुंडरदेही 1.00 मिमी
डौंडी 84.03 मिमी
डौंडीलोहारा 9.00 मिमी
दोपहिया चालकों को लेनी पड़ी शरण
शुक्रवार को शाम अचानक तेज हवाओं और फिर रात्रि 11 बजे तेज हवा के साथ बारिश आई जिसके चलते पूरा शहर तरबतर हो गया। इस दौरान रास्ते में चल रहे राहगीरों सहित दोपहिया वाहन चालकों को भी जगह-जगह शरण लेनी पड़ी। वहीं इस बारिश के चलते जिले के 26 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
रात से लेकर सुबह तक होती रही बारिश
शुक्रवार रात्रि से शनिवार सुबह 8 बजे तक हुई तेज बारिश के चलते जानकारों का मानना है कि ये शहर में मानसून पूर्व की बारिश है। इससे लोगों को जल्द ही शहर में मानसून आने की उम्मीद जगी है। जिसके बाद इस वर्ष लगातार बारिश होने के आसार हैं। वहीं कुछ जानकारों का मानना है कि मानसून 10 से 12 जून के बीच प्रवेश करेगा। जबकि मौसम विभाग का कहना है कि ये केवल प्री-मानसून है। और मानसून को आने में अभी थोड़ा और समय बचा है।
उमसभरी गर्मी से मिली राहत
दरअसल पहले जून को शहर में कुछ जगह बारिश हुई थी। इसके बाद तापमान में जरूर कमी आई, लेकिन बारिश का दूर दूर तक नामोनिशान नहीं था। इसके चलते 2 जून से लगातार मौसम में गर्मी व चिपचिपाने वाली उमस बनी हुई थी, जबकि दोपहर में तेज गर्मी का हर रोज प्रभाव दिख रहा था। दो दिनों से रात्रि और सुबह हो रही बारिश व शुक्रवार सुबह मौसम खुशनुमा बना हुआ था, लेकिन दोपहर कुछ ही देर बाद गर्मी ने अपना असर दिखाना भी शुरू कर दिया, लेकिन इसी बीच शाम 7 बजे करीब अचानक तेज हवा के साथ कुछ बादलों ने शहर को अपनी ओट में ले लिया। इसके बाद रात 10 बजे शहर में जमकर पानी गिरा। साथ ही तेज हवाएं भी चलती रही, जिन्होंने मौसम को और ज्यादा खुशनुमा बना दिया। इस बारिश के बाद जहां शहर के लोगों को तपन से राहत मिली, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
मानसून नहीं प्री मानसून है
बारिश को देखते हुए तो लोगों को लग रहा था कि मानसून शहर में प्रवेश कर गया है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार यह केवल अभी प्री मानसून है। विभाग के अनुसार मानसून अभी प्रदेश पहुंच गया है और अब प्रदेश में सक्रिय होने थोड़ा समय लगेगा।