बालोद

जहां मंडराता है हर पल मौत का साया उन्हीं स्कूलों में भविष्य गढऩे की चुनौती

आधी-अधूरी तैयारी के बीच आज से नए शिक्षण सत्र की शुरुआत होगी। कई स्कूलों में रंग रोगन और साफ-सफाई भी नहीं हुई है। इस साल जिले के सैकड़ों स्कूल जर्जर भवनों में संचालित होंगे।
2 min read
• •
Updated: 18 Jun 2018, 9:25 AM IST
स्कूल की सफाई करते कर्मचारी
जर्जर स्कूल भवनों में आज से शुरू होगा नया शिक्षण सत्र

बालोद . आधी-अधूरी तैयारी के बीच नए शिक्षण सत्र की शुरुआत होगी। कई स्कूलों में रंग रोगन भी नहीं हुआ है तो स्कूलों की साफ-सफाई भी नहीं हुई है। इस साल जिले के सैकड़ों स्कूल जर्जर भवनों में संचालित होंगे। इधर जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधान पाठकों व प्राचार्यों को स्कूलों की साफ-सफाई पर ध्यान देने को कहा है।

जिले के प्राथमिक, माध्यमिक, हाई व हायर सेकंडरी स्कूलों में रविवार को स्कूल में कर्मचारियों ने साफ-सफाई में जुटे रहे। क्योंकि सोमवार को जिले के सभी स्कूल खुल जाएंगे। पर कई स्कूलों में आज सफाई होगी। दरअसल 16 जून से स्कूल प्रारंभ होना था पर 16 जून को ईद की छुट्टी और 17 को रविवार अवकाश होने के कारण सोमवार से नए शिक्षण सत्र की शुरुआत होगी।

आज पहला दिन साफ-सफाई में जुटेंगे बच्चे
लगभग डेढ़ माह बाद स्कूल में बच्चे कदम रखेंगे। स्कूल का पहला दिन सभी सहयोगी के साथ बच्चे स्कूल में टेबल कुर्सी जमाने व टेबल कुर्सी की साफ-सफाई में पहला दिन बिताएंगे यही नहीं अपने साथियों से मिलने की खुशी रहेगी।

बता दें कि जिले के सभी स्कूलों के शिक्षकों को समय पर स्कूल आने के निर्देश भी शिक्षा अधिकारी ने दिए और बताया कि स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लगेंगे सभी शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। वहीं इस दिन नवप्रवेशित बच्चों मुंह मीठा व पुस्तक वितरण कर स्वागत करेंगे। जिसके बाद पढ़ाई व प्रवेश का भी दौर चलेगा।

प्राथमिक स्तर के भवनों में है ज्यादा खतरा
शिक्षा का प्रथम स्तर प्राथमिक शाला के ही भवन ऐसे हैं जो अधिक जर्जर हैं। सबसे ज्यादाजर्जर भवन प्राथमिक शाला के भवनों की है। जिले के 202 चिन्हांकित जर्जर स्कूलों में मात्र 36 माध्यमिक स्कूल हैं और बाकी 166 स्कूल प्राथमिक शाला हैं। शासकीय स्कूलों की मरम्मत के लिए शासन-प्रशासन व विभाग द्वारा कोई ठोस प्रयास नहीं किया जा रहा।

बताया जाता है बारिश के दिनों में तो कई स्कूलों की छत से पानी टपकने के कारण कक्षा में बैठकर पढ़ाई भी नहीं कर पाते। इन स्कूलों की मरम्मत की मांग संबंधित ग्राम के ग्रामीण व शाला प्रबंधन समितियों ने भी की है। बच्चों के बैठने के लिए टाटपट्टी व कुर्सी भी लगी रहती है, पर बारिश में सब बेकार हो जाता है।

तैयारी पूरी कर ली गई है
जिला शिक्षा अधिकारी बीआर ध्रुव ने बताया सभी प्रधान पाठकों व प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि शिक्षक समय पर स्कूल पहुंचे। नए शिक्षण सत्र की तैयारी पूरी कर ली गई है। स्कूलों की साफ-सफाई समय पर करने के निर्देश दिए गए हैं।

Published on: