
डौंडी/बालोद. राजनांदगांव से कच्चे मार्ग पर बस की चपेट में आने से चार साल के मासूम जिज्ञासु की रविवार को मौत हो गई। घटना के वक्त मासूम अपने दादा के साथ धान कुटाने पैदल जा रहा था। तभी तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गया। जब वह घर से हंसते और खेलते निकला था, तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि वह अब लौट कर नहीं आएगा।
पैदल चल रहा था बच्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जबसे राजनांदगांव के लिए कच्ची सड़क बनी है, तब से वाहनों की रफ्तार तेज और बेलगाम हो गई है। इसके कारण आज मासूम की मौत हो गई। जिज्ञासु साद अपने दादा धनेश साद के साथ साइकिल पर धान की बोरी रख कर पीछे-पीछे पैदल जा रहा था। शिवमंदिर के पास पीछे से आ रही कांकेर रोडवेज की बस सीजी 19 एफ 1809 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
पीएम के बाद किया मामला दर्ज
बस टक्कर से वह मुंह के बल गिर गया और लगभग 12 से 15 फीट तक घसीटते हुए गया। घटना के बाद जिज्ञासु को आनन-फानन में शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉ. नरेंद्र ठाकुर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डौंडी पुलिस ने धारा 279, 337 एवं 304 (अ) के तहत मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन को सौंप दिया गया।
सड़क सुधरी, तो रफ्तार हो गई बेकाबू
सड़क का चौड़ीकरण होने के बाद उसकी हालत सुधर गई है, लेकिन 10 एवं 12 ***** ट्रक, बस और अन्य वाहनों की रफ्तार बढ़ गई है। डौंडी के थानेदार का दावा है कि वाहनों की रफ्तार कंट्रोल करने के लिए डौंडी के मथाई चौक, स्टेट बैंक एवं बस स्टैंड में सिपाहियों की ड्यूटी लगाई जाती है।
हकीकत यह है कि यहां एक भी सिपाही और अधिकारी दिखाई नहीं देते हैं। आज मासूम की मौत के बाद पुलिस प्रशासन को जागना चाहिए। वाहनों की रफ्तार पर रोक लगाने के लिए पहल करनी चाहिए, ताकि किसी और जिज्ञासु की मौत न हो।
सड़क किनारे खड़े कर देते हैं वाहन
पुलिस की लापरवाही के कारण भारी वाहन के चालकों के हौसले बुलंद हो गए हैं। वे 10 से लेकर 12 ***** वाहन को नगर के भीतर सड़क के किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इन वाहनों को हटाने के लिए पुलिस का कोई भी जवान तैनात नहीं रहता है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
घटना की जानकारी परिवार वालों एवं ग्रामीणों की हुई ग्राम में मातम छा गया। ग्रामीणों ने उग्र होकर शव को लेकर चक्काजाम कर दिया। तहसीलदार सुनीत मेरिया की समझाइश एवं परिवार वालों को बीमा का पैसा दिलवाने का आश्वासन दिया। इस धरना पर सहायता देने पर ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। साथ ही स्पीड ब्रेकर बनाने की भी मांग की।