
Balod Smart Meter: बिजली विभाग पुराने मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगा रहा है। स्थापना के दौरान लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। नगर पंचायत के वार्ड-एक में दो उपभोक्ताओं के घरों में एक-दूसरे के नाम के मीटर लगा दिए गए। इसके चलते एक उपभोक्ता चार महीने से दूसरे व्यक्ति के बिजली बिल का भुगतान कर रहा है। वार्ड निवासी जितेंद्र कुमार ठाकुर पिता स्व. विक्रम सिंह ठाकुर के घर में नेतु राउत, पिता मनीष कुमार के नाम का स्मार्ट मीटर लगा दिया गया है। वहीं नेतु राउत के घर में जितेंद्र कुमार ठाकुर के नाम का मीटर स्थापित कर दिया गया है।
गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर से आम जनता परेशान है और सरकार कुंभकर्णी नींद में सो रही है। बिजली विभाग की लापरवाही का यह उदाहरण है।
मीटरों की अदला-बदली के कारण जितेंद्र कुमार ठाकुर चार महीनों से दूसरे उपभोक्ता के बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं। दूसरे उपभोक्ता ने तीन महीनों से बिजली बिल जमा नहीं किया है। जितेंद्र कुमार ने गड़बड़ी सुधारने के लिए कई बार बिजली कार्यालय के चक्कर लगाए, लेकिन अब तक समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। उन्हें आशंका है कि दूसरे उपभोक्ता के बिल नहीं चुकाने की स्थिति में आर्थिक परेशानी उन्हें उठानी पड़ सकती है।
इस संबंध में बिजली विभाग के कर्मचारियों से संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि स्मार्ट मीटर लगाने का काम जीनस नामक कंपनी कर रही है। पूरे मीटरों से संबंधित जानकारी कंपनी के पास ही है और सुधार की जिम्मेदारी भी उसी की है। कर्मचारियों ने इस मामले में अपनी असमर्थता जताते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया।
अर्जुंदा बिजली विभाग की जूनियर इंजीनियर लालिमा साहू ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की त्रुटियां सामने आई हैं। स्मार्ट मीटर लगाने का काम जीनस कंपनी के कर्मचारी कर रहे हैं। जानकारी के अभाव में ऐसी गड़बडिय़ां हो रही हैं। शिकायत मिलने पर विभाग सुधार का प्रयास करता है, हालांकि इसमें कई बार समय लग जाता है। उन्होंने संबंधित मामले में सुधार कराने का आश्वासन दिया।