बालोद

दो राज्य नहीं, यहां दो जिलों के बीच शुरू हुआ खरखरा डेम को लेकर जल विवाद

पुलिस अभिषेक शुक्ला को बलपूर्वक उठा कर ले गई। वे खरखरा जलाशय का पानी राजनांदगांव ले जाने का विरोध कर रहे थे।
2 min read
• •
Updated: 28 May 2018, 1:32 PM IST
patrika
दो राज्य नहीं, यहां दो जिलों के बीच शुरु हुआ खरखरा डेम को लेकर जल विवाद

अर्जुंदा/बालोद. जेवरतला रोड पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला के नेतृत्व में चक्काजाम किया गया। बाद में पुलिस अभिषेक शुक्ला को बलपूर्वक उठा कर ले गई। वे खरखरा जलाशय का पानी राजनांदगांव ले जाने का विरोध कर रहे थे। वहीं फसल बीमा की राशि देने एवं किसानों की अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

इसमें गुंडरदेही विधानसभा और डौंडीलोहारा क्षेत्र के कांग्रेस नेता शामिल हुए। सभी का कहना था कि वे राज्य सरकार की किसान विरोधी नीतियों से नाराज हैं।जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को आड़े हाथों लिया।

वे अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को खुश करने के लिए डौंडीलोहारा व गुंडरदेही के किसानों, मतदाताओं एवं आमजनता के हितों के साथ कुठाराघात कर खरखरा जलाशय का पानी राजनांदगांव ले जा रहे हैं। वे वहां के उद्योगों को पानी देना चाहते हैं। हम इसका जोरदार विरोध करेंगे।

162 किसानों ने दी गिरफ्तारी
धरना प्रदर्शन के बाद अभिषेक शुक्ला के नेतृत्व में किसान जेवरतला रोड राजनांदगांव-अंतागढ़ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया। पुलिस और किसानों के बीच खींचातानी चलती रही। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला एवं किसानों, कांग्रेसजनों को पुलिस बलपूर्वक उठा कर वाहनों में बिठाकर देवरी थाना ले गई, जहां पर 162 किसानों ने गिरफ्तारी दी।

प्रदर्शन में रविन्द्र भेडिय़ा, आकाश शर्मा, भोला राम देशमुख, ओमप्रकाश गजेंद्र, सुभाष यादव, रविप्रकाश यादव, जीवन कश्यप, छक्कन साहू, एन कुमार साहू, दुर्गा ठाकुर आदि मौजूद थे। ब्रजेश चन्द्राकर, केजूराम सोनबोइर, ललित हिरवानी, कांत तिवारी, राधेश्याम दिल्लीवार, शांति भट्ट, विजय तारम, त्रिभुवन मानिकपुरी, माधो ठाकुर, इन्द्रमन देशमुख, दिनेश साहू, आदि उपस्थित थे।

धरना प्रदर्शन को प्रदेश किसान कांग्रेस उपाध्यक्ष कृष्णा दुबे, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष कृष्णा साहू, इंदरचंद बाफना, रजनीकांत शर्मा, ज्ञानेश्वर साहू, नारायण साहू, हरिशपुरी गोस्वामी, चंद्रप्रभा सुधाकर, सुनील गोलछा, हिमलेश्वरी देवांगन, फिरंता उइके, सुरेश साहू ने भी रमन सरकार के खिलाफ भड़ास निकाली।

उन्होंने कहा कि रमन सिंह की नीतियां किसान विरोधी हैं। वे विकास यात्रा निकाल कर जो किया नहीं वो दिखाने का प्रयास कर रही है। सरकार शराब दुकान चलाने में मस्त है। अस्पताल में डॉक्टर नहीं, स्कूलों में शिक्षक नहीं है क्या यही विकास है। युवाओं को रोजगार दिलाने में, महिलाओं को सुरक्षा देने में असफल रही है।

डौंडीलोहारा की विधायक अनिला भेडिय़ा ने कहा कि रमन सिंह के राज में युवा, महिला, किसान, व्यापारी सब परेशान हैं। सरकार सिर्फ उद्योगपति और पूंजीपति की सरकार है। रमन सिंह के राज में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी चरम सीमा में है। किसान कर्ज सेे लद गए हैं और आत्महत्या कर रहे हैं। सरकार के पास तिहार मनाने के लिए करोड़ों रुपए है और बोनस देने के लिए पैसा नहीं है।

उन्होंने कहा कि खरखरा जलाशय में यहीं के किसानों व आमजनों को सिंचाई, निस्तारी व पेयजल आपूर्ति के लिए पर्याप्त पानी नहीं है। जलाशय से निकली नहरों के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। हम किसी भी सूरत में उनकी मंशा पूर्ण नहीं होने देंगे।

किसानों को फसल बीमा की राशि, सूखा राहत की राशि अभी तक अप्राप्त है। सभी किसानों को फसल बीमा राशि तत्काल दी जाए। मुख्यमंत्री रमन सिंह विकास यात्रा निकाल कर कागजी विकास बताने करोड़ों रुपए फिजूल खर्च कर रहे हैं। किसानों को बोनस देने के लिए उनके पास पैसा नहीं है।

Published on: