बालोद

शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगा ले जाने वाला पार्षद पति मुंबई से गिरफ्तार

डेढ़ माह से नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अपहरण करने वाले पार्षद पति को आखिरकार मुंबई से गिरफ्तार कर बालोद लाया गया।
2 min read
• •
Updated: 20 Mar 2018, 9:00 AM IST
Wedding flag

बालोद. डेढ़ माह से नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अपहरण करने वाले पार्षद पति को आखिरकार मुंबई से गिरफ्तार कर बालोद लाया गया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना 4 फरवरी की है जहां अर्जुन्दा निवासी रवि निर्मलकर (42) ने एक 14 साल की नाबालिग जो स्कूल जा रही थी को अपनी स्कूटी में बिठाकर ले गया था। उसके बाद लड़की के माता-पिता ने अर्जुंदा थाने में बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

मुंबई में आरोपी के रहने की मिली थी जानकारी
काफी दिनों तक खोजबीन के बाद आरोपी नहीं पकड़ाया, तब एसपी आईके एलिसेला के नेतृत्व में टीम बनाकर आरोपी रवि और लड़की की तलाश जिले से बाहर शुरू की गई थी। सूचना पर मुंबई में आरोपी के रहने की जानकारी मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लाया गया। इधर बालोद पुलिस टीम की सफलता पर मामले को सुलझाने के लिए आईजी दीपांशु काबरा व एसपी एलीसेला ने पुरस्कार देने की घोषणा की।

हैदराबाद, तेलंगाना, बंगाल भेजी गई थी टीम
एडिशनल एसपी जेआर ठाकुर ने बताया आरोपी रवि कुमार निर्मलकर ने 14 साल की नाबालिग लड़की को शादी का प्रलोभन देकर भगाकर ले गया था। लड़की व आरोपी को ढूंढने के लिए पुलिस ने अपनी टीम हैदराबाद, तेलंगाना, वारंगल गई थी, पर वहां नहीं मिले तो टेक्नीकली टीम द्वारा जानकारी ली गई और फिर पुलिस महाराष्ट्र पुलिस से संपर्क किया और आरोपी के बारे में जानकारी ली। बालोद पुलिस की टीम ने मुंबई के पनवेल से 17 मार्च को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेस कर जेल भेज दिया गया।

मुंबई में मजदूरी करता था आरोपी
बता दें कि मुंबई पनवेल में आरोपी रवि निर्मलकर मजदूरी करता था और पेड़ के नीचे बोरी बिछाकर रहता था। जहां से पुलिस ने नाबालिग लड़की को भी आरोपी के पास से बरामद किया। यहां उसे अभी सखी सेंटर में रखा गया है जहां लड़की से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस ने आरोपी रविप्रकाश द्वारा इस घटना में उपयोग की गई स्कूटी को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 366, 376, भादंवि 5, 6 पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Published on: