बलोदा बाज़ार

बलौदाबाजार के 63 हजार राशन कार्डधारियों को बड़ा झटका, बंद हुआ चावल मिलना, सामने आई ये बड़ी वजह

Ration card: राशन कार्ड ई-केवाईसी नहीं करने वालों को अब राशन मिलना बंद हो गया है। बलौदाबाजार जिले में करीब 63 हजार कार्ड धारियों को बड़ा झटका लगा है..
2 min read
September October Ration
अगस्त का 20% चावल भी नहीं पहुंचा (Photo AI image)

Ration card Update: बलौदाबाजार जिले में ई-केवाईसी नहीं कराने अथवा अपात्र पाए जाने के कारण लगभग 63 हजार लोग सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन से वंचित हो गए हैं। मई-जून से इन हितग्राहियों का राशन बंद है। हालांकि खाद्य विभाग का कहना है कि ई-केवाईसी पूरी कराने के बाद अगले माह से राशन का आवंटन फिर से शुरू हो जाएगा।

Ration card: लगातार चला ई-केवाईसी अभियान

जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा ने बताया कि जिले में करीब 3.91 लाख राशन कार्ड हैं, जिनसे लगभग 13 लाख सदस्य जुड़े हुए हैं। पिछले एक वर्ष से ई-केवाईसी अभियान लगातार चलाया जा रहा है और अधिकांश हितग्राहियों ने प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके बावजूद 63 हजार लोगों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। खाद्य विभाग के अनुसार, जो हितग्राही रोजगार या अन्य कारणों से जिले अथवा राज्य से बाहर रह रहे हैं, वे देश के किसी भी उचित मूल्य की दुकान पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं की है।

त्रुटियों के कारण बंद हो गया राशन

ई-केवाईसी अभियान का दूसरा पक्ष यह भी है कि कई पात्र हितग्राही तकनीकी समस्याओं के कारण राशन से वंचित हो गए हैं। बायोमेट्रिक सत्यापन में फिंगरप्रिंट मैच नहीं होना, सर्वर की समस्याए रिकॉर्ड अपडेट नहीं होना और कुछ मामलों में जीवित लोगों को मृत दर्ज किए जाने जैसी त्रुटियों के कारण कई गरीब परिवारों का राशन बंद हो गया है। ऐसे मामलों के शीघ्र निराकरण की मांग भी उठ रही है।

अपात्रों के नाम भी हटाए गए

भारत सरकार द्वारा आयकरदाता, अधिक भूमि वाले, चारपहिया वाहन मालिक और अन्य संपन्न लोगों की सूची उपलब्ध कराई गई थी। सत्यापन के बाद अपात्र पाए गए लोगों के राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि ई-केवाईसी अभियान का उद्देश्य केवल पात्र हितग्राहियों तक ही राशन का लाभ पहुंचाना है।

विभाग ने की जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील

खाद्य विभाग ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी कराएं। विभाग का कहना है कि ई-केवाईसी पूरी होने के बाद अगले माह से संबंधित हितग्राही को फिर से राशन मिलने लगेगा। वहीं तकनीकी कारणों से वंचित पात्र हितग्राहियों के मामलों का भी शीघ्र समाधान किए जाने की आवश्यकता बताई जा रही है।

समाधान और आगे की प्रक्रिया

यदि किसी का राशन कार्ड या नाम ई केवाईसी न होने के कारण रुका है तो उसे घबराने की आवश्यकता नहीं है बल्कि तुरंत निम्नलिखित कदम उठाने चाहिए।

नजदीकी दुकान जाएं- अपने परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड के साथ अपनी नजदीकी सरकारी उचित मूल्य की राशन दुकान या सीएससी सेंटर जाएं।

बायोमेट्रिक मिलान-मशीन पर अंगूठे का निशान या फिंगरप्रिंट देकर अपना सत्यापन तुरंत पूरा करवाएं।

मोबाइल ऐप का उपयोग- राज्यों और योजनाओं में घर बैठे मेरा ई केवाईसी या चेहरे के प्रमाणीकरण वाले ऐप्स की सुविधा भी दी जा रही है उसका इस्तेमाल करें।

खाद्य विभाग से संपर्क- यदि तकनीकी त्रुटि जैसे जीवित को मृत बताना हुई है तो जिला खाद्य अधिकारी या ब्लॉक आपूर्ति कार्यालय में लिखित आवेदन देकर अपना स्टेटस ठीक करवाएं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिस्टम अपडेट होने पर राशन मिलना फिर से शुरू हो जाता है।

Updated on:
08 Aug 2026 12:52 pm
Published on:
08 Aug 2026 12:51 pm