
CG Congress Leader Death: असम में चुनावी गहमागहमी के बीच छत्तीसगढ़ से एक दुखद खबर सामने आई है। बलौदाबाजार के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश ठाकुर का चुनाव प्रचार के दौरान निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रूपेश ठाकुर असम चुनाव में प्रचार के लिए गए हुए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें गुवाहाटी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
रूपेश ठाकुर के निधन की खबर मिलते ही बलौदाबाजार जिले में शोक की लहर दौड़ गई। वे अपने हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के कारण काफी लोकप्रिय थे। स्थानीय राजनीति के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। बताया जा रहा है कि वे रायपुर के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के साथ असम चुनाव प्रचार में शामिल थे, तभी यह घटना हुई।
रूपेश ठाकुर के पार्थिव शरीर को गुवाहाटी से बलौदाबाजार लाने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय और पार्टी सम्मान के साथ किया जाएगा। इसमें प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इस दुखद घटना से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता में गहरा शोक व्याप्त है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि रूपेश ठाकुर कांग्रेस के समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता थे। वे पार्टी की विचारधारा के प्रति पूरी निष्ठा से काम कर रहे थे। उनका असामयिक निधन पार्टी के लिए बड़ी क्षति है।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने शोक संदेश में कहा कि, रूपेश ठाकुर छोटा भाई था तथा सामाजिक कार्य व लोगों के सुख-दुख में साथ रहता था उसका इस तरह अचानक हम सबको छोड़कर जाना बहुत दुखद है। आज उसके निधन का समाचार मिला है मै इस दुखद घड़ी में उनके परिवार के साथ हूं और ईश्वर से कामना करता हूं कि परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।