
Elephant behavior: @धर्मेंद्र। बलौदा बाजार में मानव और हाथी के बीच संघर्ष की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं लेकिन बारनवापारा अभयारण्य से सामने आया यह दृश्य इंसान और वन्यप्राणियों के बीच आपसी समझ, प्रेम और संवेदनशीलता की एक अनूठी मिसाल पेश करता है। बीते 24 घंटो से वायरल यह वीडियो बारनवापारा अभयारण्य के बिलासपुरिया बैरियर का है जहां शाम के समय अचानक एक दंतैल हाथी बैरियर के सामने आकर खड़ा हो गया।
इस दौरान वहां मौजूद बैरियर इंचार्ज ने बिना किसी डर या आक्रामकता के बेहद शांत और प्रेमपूर्ण अंदाज में हाथी से रास्ता छोड़कर आगे बढ़ जाने का निवेदन किया। आश्चर्यजनक रूप से हाथी ने भी मानो उसकी बात समझ ली और शांतिपूर्वक वहां से आगे बढ़ गया।
यह घटना हमें एक महत्वपूर्ण संदेश देती है कि वन्यप्राणियों के प्रति हमारा व्यवहार ही उनके साथ हमारे संबंधों की दिशा तय करता है। यदि हम उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान ना करें, उकसाएं नहीं और उनके प्राकृतिक व्यवहार एवं संकेतों का सम्मान करें तो संघर्ष की संभावनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।