
Chhattisgarh Farmer News: पलारी विकासखंड के ग्राम धमनी के किसान तेजराम यादव अपनी पुश्तैनी जमीन ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज न होने के कारण पिछले एक साल से बेहद परेशान हैं। इस समस्या के चलते वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित होने के साथ धान बेचने में आ रही दिक्कतों को लेकर तहसील के चक्कर काट-काटकर हताश हो चुके हैं। निर्विरवाद रूप से खेती की जा रही इस पैतृक जमीन का विवरण भू-अधिकार पुस्तिका में दर्ज है। कृषक तेजराम ने पलारी तहसील में आवेदन देकर जांच की मांग की थी। लगातार पेशियों में शामिल होने, इश्तिहार जारी होने और पटवारी प्रतिवेदन में रिकॉर्ड की पुष्टि होने के बावजूद जमीन ऑनलाइन नहीं जोड़ी जा सकी।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत करने पर पता चला कि बिना समाधान के ही मामला बंद (क्लोज) कर दिया गया है। पीडि़त किसान ने मांग की है कि मामले में कोताही बरतने वाले अधिकारियों से मानसिक एवं समय की हानि का मुआवजा दिलाया जाए। उन्होंने धमनी गांव में कैंप लगाकर वस्तुस्थिति की जांच करने और तत्काल जमीन ऑनलाइन जोडऩे की गुहार लगाई है।
साथ ही चेतावनी दी है कि 15 दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं होने पर वे सपरिवार पलारी तहसील कार्यालय के सामने भूख हड़ताल करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राजस्व विभाग की होगी। ग्रामीणों ने बताया कि धमनी में ऐसे अन्य मामले भी हैं, जहां जमीन किसी और की है और रिकॉर्ड में नाम किसी और का दर्ज है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की गड़बडिय़ों को सुधारकर किसानों को बेवजह की भागदौड़ से राहत दिलाई जाए।