बलोदा बाज़ार

Khorsi Nala Accident: बलौदाबाजार के उफनते नाले में बही सरकारी गाड़ी, 3 कर्मचारी सुरक्षित, एक की तलाश जारी

Heavy Rain: बलौदाबाजार के अचानकपुर स्थित खोरसी नाले में उफनते पानी के तेज बहाव में बिजली विभाग की पिकअप बह गई। तीन कर्मचारी तैरकर सुरक्षित निकल आए, जबकि एक कर्मचारी की तलाश जारी है।
2 min read
Khorsi Nala Accident
उफनते नाले में बही सरकारी गाड़ी (photo source- Patrika)

Khorsi Nala Accident: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच बलौदाबाजार जिले से बड़ा हादसा सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर के पास स्थित खोरसी नाला मंगलवार तड़के बिजली विभाग के कर्मचारियों के लिए आफत बन गया। उफनते नाले को पार करने की कोशिश के दौरान विभाग की पिकअप तेज बहाव में बह गई। वाहन में सवार तीन कर्मचारी किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि एक कर्मचारी लापता है। उसकी तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।

Baloda Bazar News: रात 2 बजे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक बिजली विभाग की पिकअप अचानकपुर क्षेत्र में बिजली सुधार कार्य के लिए कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। रात करीब 2 बजे वाहन खोरसी नाले के पास पहुंचा। बारिश के कारण नाला उफान पर था, लेकिन चालक ने उसे पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज बहाव ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते पिकअप पानी में बह गई।

करीब 800 मीटर तक बह गई पिकअप

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन तेज धारा के साथ करीब 800 मीटर तक बह गया। अचानक हुए हादसे से वाहन में बैठे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। तीन कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाते हुए पानी में छलांग लगाई और तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

एक कर्मचारी अब भी लापता

हादसे के बाद से एक कर्मचारी का कोई पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि वह वाहन में फंस गया या तेज बहाव में बह गया। फिलहाल उसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जब तक पिकअप को बाहर नहीं निकाला जाता, तब तक कर्मचारी की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल पाना संभव नहीं है।

एसडीआरएफ और पुलिस चला रही रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस, नगर सेना और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। संयुक्त टीम सुबह से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। हालांकि नाले में 10 से 12 फीट गहरा पानी और तेज बहाव बचाव कार्य में बड़ी बाधा बना हुआ है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेस्क्यू अभियान पूरी सावधानी के साथ चलाया जा रहा है।

Pickup Swept Away: पूरे इलाके में चिंता का माहौल

घटना के बाद अचानकपुर और आसपास के क्षेत्रों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग भी मौके पर बड़ी संख्या में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों को पार करने की कोशिश नहीं करने और खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।

बारिश के बीच बढ़ा खतरा

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन पहले ही लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले नालों से दूर रहने की सलाह दे चुका है। खोरसी नाले में हुआ यह हादसा एक बार फिर यह बताता है कि बारिश के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता कर्मचारी का पता लगाना और बही हुई पिकअप को सुरक्षित बाहर निकालना है।

Updated on:
07 Jul 2026 11:22 am
Published on:
07 Jul 2026 11:21 am