वापस आकर पुलिस की मौजूदगी में एसडीएम के सामने दोनों ने अपना बयान दर्ज कराया है
राजनांदगांव. प्यार मोहब्बत में पे्रमी जोड़े कुछ भी कर गुजरते हैं। शादी के बाद प्रेमी के साथ भाग जाते हैं या फिर मंडप से ही सात फेरे लेने के पहले निकल लेते हैं। ऐसा ही एक मामला डोंगरगढ़ क्षेत्र के मुसराकला से सामने आया है, जहां एक युवती ने शादी के कुछ दिन बाद ही अपने प्रेमी के साथ भागकर फिर शादी कर ली। अब वापस आकर पुलिस की मौजूदगी में एसडीएम के सामने दोनों ने अपना बयान दर्ज कराया है।
परिजनों ने दोनों के गुमशुदगी की शिकायत की थी। प्रेमी के साथ शादी कर लौटी युवती ने कहा कि परिजनों ने मेरी जबर्दस्ती शादी कराई थी। डोंगरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम आरबीरा की 21 वर्षीय नवविवाहिता और मुसराकला के 29 वर्षीय युवक की दोनों परिवार वालों ने गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन अचानक वे दोनों सबके सामने आकर अपने प्रेम का इजहार करते हुए शादी कर लेने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए एसडीएम के सामने बयान लिया है। दोनों ने बताया कि वो आठ नौ वर्षों से एक-दूसरे से प्यार करते थे। दोनों के परिवार को उनका यह रिश्ता पसंद नहीं था, इसलिए उन्होंने ये कदम उठाया है।
डोंगरगढ़ एसआई हरिशंकर डहरिया ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद युवती माइके आई हुई थी और वह उसने अपने पूर्व प्रेमी के साथ भागकर शादी कर ली है। युवती के परिजन व अन्य लोगों ने बहुत मनाया लेकिन वह नहीं मानी, तो एसडीएम के समक्ष दोनों का बयान लेकर युवती को उसके प्रेमी के साथ भेज दिया गया।
परिजनों को नकार प्रेमी का साथ स्वीकारा
दोनों प्रेमी जोड़े के वापस लौटने की सूचना मिलते ही युवती के परिजन थाने पहुंचकर अपनी बेटी को जबर्दस्ती भगा ले जाने की बात कहते हुए हंगामा करने लगे। साथ ही कई घंटे अपने बेटी से बात कर वापस घर लौट जाने की बात करते रहे, लेकिन युवती नहीं मानी और प्रेमी के साथ ही रहने की बात कहती रही। परिजनों ने बताया कि लड़की के पिता रोजी मजदूरी कर इकलौती लाडली की शादी जैसे-तैसे बड़ी धूमधाम से बालोद के रहने वाले एक युवक से की थी।