Attack on Naib Tehsildar: पोकलेन लगाकर रेत के अवैध उत्खनन (Illegal mining) की सूचना पर टीम के साथ कार्रवाई करने पहुंचे थे नायब तहसीलदार (Naib Tehsildar), इसी दौरान 3 नामजद समेत दर्जनभर से अधिक हमलावरों ने टीम पर कर दिया हमला (Attack), शासकीय वाहन (Government vehicle) में की थी तोडफ़ोड़
रामानुजगंज. Attack on Naib Tehsildar: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल क्षेत्र में शनिवार की रात पांगन नदी से अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई करने गए नायब तहसीलदार पर रेत तस्करों ने हमला कर दिया। उनके शासकीय वाहन में तोडफ़ोड़ की गई। इस दौरान वे किसी तरह जान बचाकर घटनास्थल से भागे।
रविवार को कलक्टर व एसपी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कानून सर्वोपरि है।
शनिवार रात लगभग 9 बजे रामचंद्रपुर नायब तहसीलदार विनीत सिंह को त्रिशुली में अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिली तो वे अपने ड्राइवर के साथ त्रिशूली के लिए निकल गए। पांगन नदी पर पुलिया जिस स्थान पर टूटी थी, वहां जेसीबी से अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा था।
इस पर नायब तहसीलदार द्वारा जेसीबी को पकड़ लिया गया। इसके बाद वहां खड़े ट्रकों से पूछताछ की जाने लगी। इसी दौरान 20 से 25 की संख्या में लोग वहां पर पहुंचे एवं नायब तहसीलदार के साथ विवाद करने लगे।
उनके वाहन में भी तोडफ़ोड़ की गई जिसके बाद वे किसी तरह जान बचाकर सीधे त्रिशूली बॉर्डर की ओर निकल गए। इस घटना की जानकारी मिलने पर रविवार को कलक्टर कुंदन कुमार व एसपी रामकृष्ण साहू भी मौके पर पहुंचे व कानून व्यवस्था का जायजा लिया।
करेंगे सख्त कार्रवाई
नायब तहसीलदार पर हमले के बाद कलेक्टर कुंदन कुमार व पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कानून व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर व एसपी ने सयुंक्त रूप से कहा कि शासकीय कार्य मे बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हमने नायब तहसीलदार से बात कर पूरी जानकारी ली है और जिसके आधार पर आगे कार्यवाही की जा रही हैं। कानून सर्वोपरि है तथा कोई भी इससे ऊपर नही है। प्रशासन और अधिक मनोबल के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगा, प्रशासन व पुलिस के लोग आगे भी अपना काम करेंगे।
साथ ही कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा अधिकारियों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
नायब तहसीलदार ने दर्ज कराई रिपोर्ट
इधर नायब तहसीलदार विनीत सिंह ने थाना प्रभारी सनावल को पत्र लिखकर दोषियों के विरुद्ध विधि संगत धाराओं में एफआई आर दर्ज करने को कहा है, जिस पर कार्यवाही जारी है। नायब तहसीलदार ने पत्र के माध्यम से पूरे घटना का विवरण दिया है,
जिसमे घटना सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिशूली का है, जहां वे उच्च अधिकारियों के निर्देश पर अपनी टीम के साथ अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध कार्यवाही करने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी टीम पर अजीत, मनमोहन, पिंटू सिंह व विजय यादव द्वारा हमला किया गया था, जिस पर उन्होंने यथोचित कार्यवाही के लिए पत्र लिखा है।