Political news: भाजपा समर्थित उम्मीदवार धरम सिंह ने हासिल की जीत, भाजपाइयों ने जमकर मनाया जीत का जश्न, भाजपा प्रत्याशी को 10 जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को मिले 5 वोट
राजपुर. Political News: अविश्वास प्रस्ताव से सरकार गिरने के बाद नगर पंचायत राजपुर में बुधवार को भारी गहमा-गहमी के बीच नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव हुआ। अध्यक्ष पद के लिए 2 लोगों ने दावेदारी की थी, जहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी धरम सिंह ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार शिवप्रसाद को 5 मत से हराया। नतीजा आते ही भाजपा सर्मथकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जीत के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाइयां दीं। वोटिंग के दौरान कांग्रेस के एक पार्षद ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में वोटिंग की।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से राजपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए भारी गहमा-गहमी चल रही थी। नगर पंचायत राजपुर में भाजपा ने बहुमत के साथ अपना अध्यक्ष बनाया था लेकिन मई 2023 में कांग्रेस के 6 पार्षदों द्वारा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था।
इस दौरान हुई वोटिंग में भाजपा समर्थित अध्यक्ष सहदेव लकड़ा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ था। वोटिंग के बाद सहदेव लकड़ा अपना कुर्सी बचाने में नाकाम रहे थे। इसके बाद से अध्यक्ष की कुर्सी खाली थी।
इधर 10 जुलाई को राज्य शासन के आदेश के बाद वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद शिव प्रसाद को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था। बुधवार को राजपुर एसडीएम व पीठासीन अधिकारी राजीव जेम्स कुजूर एवं नगर पंचायत अधिकारी आवश्यक कार्यवाही हेतु राजेश कुशवाहा की उपस्थिति में अध्यक्ष का चुनाव संपन्न कराया गया।
भाजपा ने पुन: जमाया कब्जा
नगर पंचायत में कुल 15 वार्ड हैं, जहां 8 पार्षद भाजपा व 6 पार्षद कांग्रेस एवं एक पार्षद निर्दलीय हंै। 2019 के चुनाव में भाजपा के बहुमत के बाद भाजपा समर्थित पार्षद सहदेव लकड़ा को नगर पंचायत अध्यक्ष बनाया गया था। 3 वर्ष बाद कांग्रेस के पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर नपं सरकार गिरा दी थी।
बुधवार को नगर अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने पुन: अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से धरम सिंह व कांग्रेस से शिवप्रसाद ने नामांकन दाखिल किया था। वोटिंग के बाद धरम सिंह को 10 मत एवं शिवप्रसाद को 5 मत मिले। यानि कांग्रेस के एक पार्षद ने भाजपा के पक्ष में वोटिंग की।
जीत के बाद भाजपाइयों के खिले चेहरे
नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर एक बार फिर भाजपा ने कब्जा बरकरार रखा। जीत की खुशी पर भाजपाइयों ने जमकर आतिशबाजी के साथ मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शिवनाथ यादव, अनिल दुबे, शशिकला भगत, कमला सिंह, प्रदीप जायसवाल, संतोष तिवारी, राजेन्द्र सिंह, तेज कुमार शांडिल्य, रवि प्रताप मरावी, पार्षद जयगोपाल अग्रवाल, महेंद्र गुप्ता, सहदेव लकड़ा, बूंद कुंवर पैकरा, पंकज जायसवाल, विश्वास गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।
विकास सर्वोपरि
नवनिर्वाचित अध्यक्ष धरम सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह बुद्धिजीवियों की जीत है। नगर पंचायत के विकास के लिए हर संभव कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी पार्षदों ने मुझ पर भरोसा जताया है। यह नगर के विकास के लिए बहुत जरूरी था। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का विकास सर्वोपरि रहेगा।