बलरामपुर

स्कूल में लापरवाही की कीमत बच्चे को उठाना पड़ा, छज्जा गिरने से मासूम की मौत, प्रधान पाठक निलंबित…

CG News: बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर थाना क्षेत्र के शारदापुर गांव में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का छज्जा गिरने से छठवीं कक्षा के छात्र की मौत के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है।

2 min read
छज्जा गिरने से मासूम की मौत, प्रधान पाठक निलंबित...(photo-patrika)

CG News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर थाना क्षेत्र के शारदापुर गांव में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का छज्जा गिरने से छठवीं कक्षा के छात्र की मौत के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त संचालक ने इस घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रधान पाठक ममता गुप्ता को निलंबित कर दिया है, जबकि तीन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

CG News: कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन

हादसे के बाद परिजनों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मृतक का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। उनका कहना था कि जब तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के बाद अब अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

क्या है पूरा मामला

घटना शारदापुर गांव के खुटहन पारा स्थित माध्यमिक शाला की है। गुरुवार को मध्याह्न भोजन अवकाश के दौरान छठवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र आलोक कुमार, पिता रमेश देवांगन, खेलते-खेलते स्कूल परिसर के पीछे स्थित निर्माणाधीन भवन में चला गया। इसी दौरान अचानक भवन का छज्जा गिर पड़ा और आलोक उसके नीचे दब गया।

मलबे में दबा मिला छात्र

घटना की जानकारी अन्य छात्रों द्वारा दिए जाने पर शिक्षक मौके पर पहुंचे, जहां आलोक खून से लथपथ हालत में मलबे में दबा मिला। शिक्षकों और ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शिक्षकों की लापरवाही आई सामने

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन भवन के पास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और बच्चों की आवाजाही पर रोक नहीं लगाई गई थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए शिक्षा विभाग ने प्रधान पाठक पर निलंबन की कार्रवाई की है।

क्षेत्र में शोक का माहौल

हादसे के बाद पूरे गांव और स्कूल परिसर में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से आगे की जांच और अन्य जिम्मेदारों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

Published on:
09 Jan 2026 12:33 pm
Also Read
View All

अगली खबर