
कुसमी. दवा दुकान की लाइसेंस का नवीनीकरण नही होने के कारण कुछ दिन पूर्व जिला खाद सुरक्षा अधिकारी नितेश मिश्रा व औषधि निरीक्षक विकास कुमार दुबे की टीम द्वारा तहसीलदार रामराज सिंह की उपस्थिति में कुसमी के मुख्य बाजार में संचालित शुभम मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया था। 2 अगस्त को जब दुकान को खुलवाया गया तो वहां अमानक व आपत्तिजनक दवाइयां भी मिलीं। इसके बाद मेडिकल संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है।
औषधि निरीक्षक विकास कुमार दुबे ने बताया कि शुभम मेडिकल स्टोर के संचालक प्रीतम गुप्ता द्वारा दवा दुकान का नवीनीकरण के लिए आवेदन दिया गया था। लाइसेंस के नवीनीकरण के पूर्व जब उनके दुकान का निरीक्षण किया गया तो दुकान के फ्रिज में अमानक दवाएं वैक्सीन व सौंदर्य प्रसाधन मिले।
इस पर उनके मेडिकल स्टोर के लाइसेंस नवीनीकरण के आवेदन को निरस्त कर उन्हें तत्काल स्टोर बंद कर दवाइयों को विभाग के सुपूर्द करने का निर्देश दिया गया था। दुकान संचालक द्वारा नया लाइसेंस बनवाने की बात कही गई थी किन्तु इसके पश्चात संचालक द्वारा नया लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं दिया गया,
समय व चेतावनी देने के बावजूद मेडिकल दुकान का संचालन होता रहा तो प्रशासन ने लोक समाज के स्वास्थ्य व उनके हित को ध्यान में रखते हुए 31 जुलाई के शाम को दुकान को तहसीलदार की उपस्थिति में दुकान को सील कर कर मामले में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धारा 18 सीसी ए 27 बी 2 के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई में नमूना सहायक राम कुमार लकड़ा, शिवम्बर कुशवाहा सहित अन्य शामिल रहे।
आपत्तिजनक दवाइयां भी मिलीं
2 अगस्त को तहसीलदार कुसमी की उपस्थिति में दुकान खुलवाकर सभी दवाओं को जब्त कर औषधि प्रशासन द्वारा सीजीएम कोर्ट रामानुजगंज में पेश कर परिवाद दायर करने की तैयारी की जा रही है। औषधि निरीक्षक ने कहा है कि इस दुकान में और भी अमानक व आपत्तिजनक दवाएं मिली हैं।