बलरामपुर

Breaking News : 2 दिन से गायब बेटे की नदी किनारे लाश देख माता-पिता को लगा गहरा सदमा, ये हुआ हाल

अस्पताल में कराया गया भर्ती, परिजन का कहना कि उसे अच्छे से तैरना आता था तो डूब कैसे गया

less than 1 minute read
Dead body found
Dead body found

रामानुजगंज. नगर के वार्ड क्रमांक १ में जिला जेल के पीछे कन्हर नदी के ब्रहमुड़ा घाट पर सोमवार को ग्राम भंवरमाल के एक किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक दो दिन से लापता था, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इधर बेटे की लाश देख माता-पिता का गहरा सदमा लगा, उनकी तबियत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।


बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम भंवरमाल निवासी 16 वर्षीय राजबलि पिता रामपाल तीन-चार दिन से पलटन घाट के समीप मंदिर में अपने बहन के साथ था। वह शनिवार को साइकिल से कन्हर नदी के ब्रहमुड़ा घाट में लगभग 11 बजे नहाने गया था लेकिन देर शाम तक नहीं लौटा।

इस पर परिजन खोजबीन करते हुए घाट के पास पहुंचे तो वहां साइकिल मिली लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। रविवार को परिजन ने इसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई, पुलिस भी उसकी खोजबीन में लगी थी, इसी बीच सोमवार को दोपहर लगभग १२ बजे उसका घाट के किनारे शव मिलने से सनसनी फैल गई।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। मौके पर पहुंचे मृतक के माता-पिता का शव देख रो-रोकर बुरा हाल हो गया और तबियत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।


तैरना आता था तो कैसे डूब गया
वहीं इस मामले में परिजन ने बताया कि मृतक को तैरना अच्छे से आता था, वह कम पानी में कैसे डूब गया, समझ से परे है। वहीं पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Published on:
29 Oct 2018 08:34 pm