
Surguja Road Accident: सरगुजा संभाग में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। दोनों ही हादसों में बाइक सवार युवकों को गंभीर चोट लगने से घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पहला मामला बलरामपुर का है, तेज रफ्तार बाइक चलती ट्रैक्टर में जा घुसी। हादसे में चारों की मौत हो गई। दूसरा घटना जजगा के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 2 ग्रामीणों को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के ग्राम पीपरपान में बीती देर रात ट्रैक्टर ट्रॉल और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक में सवार चारों युवकों को गंभीर चोट लगने के कारण घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी एक बाइक में सवार होकर साप्ताहिक बाजार डिंडा से घर लौट रहे थे।
हादसा सनावल थाना क्षेत्र के पिपरपान गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक मोड पर अनियंत्रित होकर सीधे ट्रैक्टर से जा टकराई। जिसके चलते बड़ा हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई। वहीं मृतकों के शव की पहचान कर हादसे की सूचना परिजनों को दी है। शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ड्राइवर ने हादसे के बाद गाड़ी नहीं रोकी बल्कि घायलों को 100 मीटर तक घसीटकर ले गया, वहीं उन्हें तड़पता छोड़ भाग निकला। मौके पर कुछ लोगों ने मदद की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोट लगने से सभी की मौत हो गई। मृतकों में सभी चचेरे भाई है, एक ही परिवार के हैं। वे मजदूरी करते थे और राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र है।
दूसरी घटना नेशनल हाईवे-130 (अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग) पर हुई। जजगा के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 2 ग्रामीणों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर गए और कई मीटर तक घिसटते चले गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। दोनों ग्रामीण मेहमानी में जजगा आए थे और रात करीब 10 बजे वापस लौट रहे थे, तभी हादसा हुआ।