बलरामपुर

Breaking News : नशे में धुत ड्राइवर की रफ्तार से पलट गई पिकअप, 50 बाराती घायल, 20 की हालत नाजुक

महिला-पुरुष बाराती थे सवार, शादी के बाद सभी को लेकर लौट रहा था वापस, 20 गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल किया गया रेफर

2 min read
Injured in accident
Injured in Accident

Ambikapur/शंकरगढ़. बलरामपुर से 15 किलोमीटर दूर एक गांव से एक पिकअप में सवार होकर करीब 50 महिला-पुरुष शंकरगढ़ में बारात गए थे। शादी के बाद सभी बुधवार की शाम पिकअप से ही वापस लौट रहे थे। पिकअप का ड्राइवर नशे में था और काफी तेज गति से वाहन चला रहा था।

इसी दौरान रास्ते में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार सभी बाराती घायल हो गए। इनमें से 20 की हालत नाजुक बताई जा रही है। गंभीर घायलों को शंकरगढ़ अस्पताल से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया है।

बलरामपुर के ग्राम झूमरखोरठा निवासी एक युवक की शादी शंकरगढ़ के ग्राम चिरईबिरिया में लगी थी। शादी में शामिल होने दूल्हा पक्ष के काफी संख्या में बाराती आए थे। शादी के बाद बुधवार की शाम करीब 5 बजे सभी अपने-अपने वाहन से घर लौट रहे थे। पिकअप क्रमांक जेएच 03 एफ-2656 का ड्राइवर रमेश पिता बुद्धदेव 12 महिलाओं समेत 50 बारातियों को लेकर आ रहा था। वह शराब के नश्ेा में था तथा काफी तेज रफ्तार में पिकअप चला रहा था।

इसी दौरान चिरईबिरिया घाट के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार सभी बाराती सड़क पर इधर-इधर गिरे। इनमें से 20 बारातियों के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोटें आईं जबकि अन्य को मामूली चोट लगी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

वहां से गुजर रहे लोगों द्वारा संजीवनी के माध्यम से घायलों को शंकरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां 20 घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए देर शाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया। बाकी का इलाज डॉक्टरों द्वारा वहीं किया जा रहा है।


ये है गंभीर घायल
हादसे में गंभीर रूप से घायलों में शिवबालक पिता रामजतन 35 वर्ष, मनीराम पिता मुनेश्वर 52, श्रवण पिता अधीन 65, पार्वती पति मुड़प्रसाद 65, थरकस पिता बेगू 22, उद्धेश्वर पिता उजारधन 30, जीतन पिता छबी राम 30, विश्वनाथ पिता जीतन 18, चंद्रदेव सिंह पिता भूनेश्वर 30, छविनाथ पिता मिट्ठू 55, सुरेश पिता देवधारी 30, पिकअप ड्राइवर रमेश सहित अन्य शामिल हैं।


विधायक व जिला पंचायत सदस्य भी पहुंचे
हादसे की खबर मिलते ही सामरी विधायक डॉ. प्रीतम राम व बलरामपुर क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य धीरज सिंहदेव अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान विधायक ने भी घायलों का इलाज शुरु कर दिया। वहीं जिपं सदस्य ने घायलों का हाल-चाल जाना।

Published on:
02 May 2018 08:42 pm