
Road blockade
सूरजपुर/प्रेमनगर. तारा से प्रेमनगर होते हुए रामानुजनगर तक हो रहे सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति और अदानी के कोल वाहनों के कारण उड़ती धूल के गुबार से परेशान ग्रामीण सुबह अभयपुर चौक के पास मेन रोड पर दरी बिछाकर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि किसी भी सूरत में अब हम इस मार्ग से कोल परिवहन नहीं होने देंगे। वहीं छत्तीसगढ़ सड़क विकास निगम द्वारा बन रहे सड़क की गति को बढ़ाने की मांग ग्रामीणों द्वारा की गई। मौके पर पुलिस अधिकारी व अदानी के अधिकारी पहुंचे। उनके आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। चक्काजाम करीब 4 घंटे तक चला।
गौरतलब है कि तारा से रामानुजनगर तक छत्तीसगढ़ सड़क विकास निगम के द्वारा करीब 144 करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। यह कार्य काफी धीमी गति से चलने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं अदानी के कोयला परिवहन हेतु रेल लाइन का निर्माण पूर्ण हो जाने के बाद इस मार्ग से कोयला परिवहन होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
वाहनों के आवागमन से धूल के उड़ते गुबार ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सड़क की धीमी गति और धूल के उड़ते गुबार से परेशान क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के लोग आज मंगलवार को एकजुट हुए और अभयपुर चौक पर प्रात: 10 बजे से ही चक्काजाम कर दिया। इसकी सूचना पर प्रशासनिक स्तर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी के ना पहुंचने के कारण 4 घंटे तक मार्ग बाधित रहा।
चक्काजाम हटाने स्थानीय तहसीलदार केसी जाटवर ने ग्रामीणों को समझाइश दी लेकिन ग्रामीण सक्षम अधिकारियों के आश्वासन के बगैर टस से मस नहीं हुए। ग्रामीणों ने प्रशासन से सीधा सवाल किया कि जब अदानी की रेल लाइन चालू हो गई है तो फिर जानलेवा साबित हो रही कोयला परिवहन में लगी वाहनों को बंद क्यों नहीं कर दिया जा रहा है।
मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसआर भगत और अदानी प्रबंधन की ओर से अधिकारी एके राय ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की लेकिन लिखित आश्वासन न मिलने के कारण वह अपनी मांगों पर अड़े रहे।
वही सड़क की धीमी गति से हो रही परेशानी से निजात दिलाने की मांग भी ग्रामीणों में रखी। आंदोलन में नगर पंचायत उपाध्यक्ष आलोक साहू सुरेंद्र सिंह करियाम, मेहंदी यादव, दिनेश श्याम समेत 10 से अधिक गांवों के लोग शामिल रहे।
मिला आश्वासन, नहीं चलेंगे कोल वाहन
चक्काजाम की सूचना पर पहुंचे एडिशनल एसपी एसआर भगत, एसडीओपी मनोज ध्रुव, छत्तीसगढ़ सड़क विकास निगम के इंजीनियर एसके पटेल, अदानी के अधिकारी एके राय और अन्य अधिकारियों की पहल पर सामान्य मांगों पर का आश्वासन लिखित रूप से दिया गया।
इसके तहत सड़क के निर्माण में गति लाई जाएगी और जब तक सड़क पूरी तरह से बन नहीं जाती तब तक कोयला परिवहन बंद रखा जाएगा। अदानी समूह के अधिकारी एके राय ने रेल मार्ग से कोल परिवहन करने के प्रति गंभीरता दिखाने की बात कही, तब जाकर लोगों ने चक्काजाम हटाया।
Published on:
02 May 2018 05:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
