बलरामपुर

पहाड़ी माई मंदिर के सामने दर्दनाक हादसा, घर जा रहे बाइक सवार युवक को ट्रक ने दी मौत

युवक को टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर हो गया फरार, लोगों ने पहुंचाया था अस्पताल
less than 1 minute read
Accident
Accident

रामानुजगंज. रामानुजगंज से लगे ग्राम भंवरमाल का एक युवक शुक्रवार की शाम लगभग 5 बजे बाइक से रामानुजगंज से वापस अपने गांव जा रहा था। रास्ते में पहाड़ी माई मंदिर के समीप ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, 108 के आने में देर होने की वजह से स्थानीय लोग उसे बाइक में ही बैठाकर अस्पताल ले गए। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।


बलरामपुर जिले के रामानुजगंज से लगे ग्राम भंवरमाल निवासी 23 वर्षीय अरुण एक्का पिता विजयन एक्का शुक्रवार को बाइक से किसी काम से रामानुजगंज आया था। शाम लगभग 5 बजे वह घर जाने के लिए निकला।

वह बलरामपुर मार्ग पर रामानुजगंज से निकला ही था कि पहाड़ी माई मंदिर के समीप ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।

उन्होंने तत्काल संजीवनी 108 को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस के आने में हो रही देरी देखकर लोग घायल युवक को बाइक से ही अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इधर युवक को टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। युवक के परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ धारा 304 ए के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

Updated on:
20 Oct 2018 07:42 pm
Published on:
20 Oct 2018 07:42 pm