बलरामपुर

बलरामपुर में ओवैसी ने सीएम योगी पर खूब छोड़े शब्दबाण, कहा- अब नहीं आने वाली इनकी सरकार

एआईएमआईएम अध्यक्ष व हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर साधा निशाना
less than 1 minute read
• •
Updated: 14 Mar 2021, 5:10 PM IST
owaisi.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
बलरामपुर. एआईएमआईएम अध्यक्ष व हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन नहीं है। ओवैसी ने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री को बहुत गुरूर है कि कयामत का दिन नहीं आयेगा, लेकिन मैं कहता हूं कि कयामत का दिन जरूर आयेगा, डर और खौफ का माहौल खत्म होगा। उत्तर प्रदेश में दोबारा योगी सरकार नहीं बनने वाली। असदुद्दीन ओवैसी रविवार को बलरामपुर के उतरौला में भागीदारी संकल्प मोर्चा की जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान एआईएमआईएम को भाजपा की बी टीम बताने वालों पर भी निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा कि मैं बी टीम का हिस्सा नहीं हूं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि संविधान की धज्जियां उड़ाने में उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी है। योगी सिर्फ एक ही मजहब और जाति बिरादरी की बात करते हैं। उनकी ठोक दो पॉलिसी के 37 फीसदी मुसलमान शिकार हुए हैं। अगर ऐसे ही संविधान की धज्जियां उड़ाई जाती रहीं तो देश का क्या होगा? लेकिन, मैं मरते दम तक मुल्क और मुल्क के संविधान को बचाने का प्रयास करूंगा।

भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल हैं नौ दल
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर की अगुआई में छोटे-छोटे दलों का गठबंधन किया गया है। ओपी राजभर ने कहा कि जल्द ही मोर्चे में और भी दल शामिल होंगे। साथ ही दावा किया कि भागीदारी संकल्प मोर्चा के बिना किसी की भी सरकार नहीं बनेगी।

Published on: