
Balrampur accident:बलरामपुर जिले में आधी रात बात एक भयानक दर्दनाक हादसा हो गया। एनएच-730 पर पचपेड़वा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के पास कार और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। हादसे की खबर जैसे ही टेढ़ी बाजार पहुंची। परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि हुआ सड़क हादसा दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ले गया। एनएच-730 पर पचपेड़वा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के पास कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों की जिंदगी पलभर में खत्म हो गई। मृतकों की पहचान टेढ़ी बाजार के मालीटोला के रहने वाले 25 वर्षीय राजन सैनी उर्फ छोटू माली और जयप्रकाश सैनी उर्फ अन्नू सैनी के रूप में हुई है। दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि देर रात दोनों किसी काम से लौट रहे थे। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राजन सैनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल जयप्रकाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद उसे बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पचपेड़वा पुलिस मौके पर पहुंची। राहत कार्य शुरू किया। दुर्घटना में शामिल काले रंग की क्रेटा कार सड़क किनारे पलट गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हादसे की खबर जब टेढ़ी बाजार स्थित मालीटोला पहुंची तो दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में हर किसी की जुबान पर बस यही सवाल था कि आखिर कुछ ही सेकंड में दो घरों के चिराग कैसे बुझ गए।
पचपेड़वा थाना के प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश ने बताया कि कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।