
Balrampur Murder Case Update: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के झौहना गोसाईं पुरवा गांव में शुक्रवार शाम हुई 4 मौतों की घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। शुरुआती जांच और परिजनों की तहरीर के मुताबिक, आर्थिक तनाव और 29 लाख रुपये की उधारी वापस ना मिलने से परेशान युवक ने पहले अपनी पत्नी और 2 मासूम बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी, फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मृतक बजरंगी शुक्रवार 31 जुलाई की शाम करीब 6 बजे अपने घर पर पत्नी और दोनों बच्चों के साथ मौजूद था। इसी दौरान उसने अवैध तमंचे से पहले अपनी 25 साल की पत्नी कोमल, फिर 3 साल की बेटी श्रद्धा और एक साल के बेटे जयदीप को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
मृतक परिवार परिजनों के मुताबिक, बजरंगी ने घटना से पहले अपने मोबाइल फोन से एक वीडियो (Video) रिकॉर्ड किया। अपनी और पूरे परिवार की मौत के लिए इस वीडियो में उसने चन्द्रभान गिरि उर्फ दद्दन गिरि को जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में ले लिया है और वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है। साथ ही अब वीडियो की तकनीकी जांच के साथ उसमें लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
वहीं, घटनास्थल से मिले 3 देसी तमंचे, खून लगी कैंची, CCTV की 4 घंटे से अधिक की गायब रिकॉर्डिंग और मोबाइल में मिला सुसाइड वीडियो इस मामले को बेहद रहस्यमय बना रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी है।
बलरामपुर के झौहना गांव में हुई इस दर्दनाक घटना ने कई ऐसे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब पुलिस तलाश रही है। सबसे बड़ा सवाल घर में लगे CCTV कैमरे को लेकर है। पुलिस के मुताबिक कैमरे में दोपहर 3:09 बजे के बाद से शाम 7:30 बजे तक कोई रिकॉर्डिंग नहीं मिली है। जबकि इसके बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़ के फुटेज कैमरे में मौजूद हैं। ऐसे में 4 घंटे 9 मिनट की रिकॉर्डिंग गायब होना। जांच का अहम बिंदु बन गया है। पुलिस को घटनास्थल से 3 देसी तमंचे, 2 मोबाइल फोन और खून लगी एक कैंची बरामद हुई है।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के झौहना गांव से शुक्रवार देर शाम सूचना मिली थी कि एक घर में 4 लोगों की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान बजरंगी गिरी, उनकी पत्नी कोमल गिरी, बेटी श्रद्धा और बेटे जयदीप के रूप में हुई है। SP के अनुसार 3 लोगों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। जबकि सबसे छोटे बेटे के शरीर पर फायर इंजरी नहीं बल्कि अन्य घाव मिले हैं। इसकी स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हम इस मामले को न्याय तक पहुंचाएंगे।