बलरामपुर

Food Department Raid: मिठाई से लेकर पनीर तक जांच में निकले फेल, आठ कारोबारियों पर लगा 79 हजार रुपये जुर्माना

Food Department Raid: बलरामपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। वहीं, मिठाई, बेसन, पनीर, सोयाबीन तेल और रस्क के मामलों में आठ कारोबारियों पर 79 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के दो नमूने भी जांच में मानकों के विपरीत मिले हैं।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 6:03 PM IST
Balrampur
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI

Balrampur Food Department: बलरामपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान नियमों में कमी मिलने और तय समय में सुधार नहीं करने पर पांच खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। वहीं, अवमानक खाद्य पदार्थ बेचने के आठ मामलों में कारोबारियों पर कुल 79 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूने भी जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरे।

बलरामपुर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की ओर से पहले चलाए गए जांच अभियानों में कई खाद्य प्रतिष्ठानों में कमियां मिली थीं। इस पर संबंधित दुकानदारों और कारोबारियों को सुधार करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। उन्हें कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का समय दिया गया था। इसके बावजूद सुधार नहीं करने पर पांच प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय गिरिजेश कुमार दूबे ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत पहले खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया था। जांच में मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित कारोबारियों को समय दिया गया था। निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने पर विभाग ने पांच प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की है।

इन पांच प्रतिष्ठानों के लाइसेंस हुए निलंबित

विभाग की कार्रवाई में चौक बलरामपुर स्थित राम मिष्ठान भंडार, वीर विनय चौराहा स्थित बीकानेर स्वीट्स और अमर स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, सिविल लाइन स्थित ओम स्वीट्स तथा भगवतीगंज स्थित केसरवानी अन्न भंडार के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

आठ मामलों में 79 हजार रुपये का जुर्माना

खाद्य पदार्थों की जांच में मानकों के विपरीत सामान बेचने के आठ मामलों में भी कार्रवाई की गई है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की ओर से संबंधित कारोबारियों पर कुल 79 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसमें महाकाल इंटरप्राइजेज पर सोयाबीन तेल के मामले में 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। भारत स्वीट्स पर छेना मिठाई के दो मामलों में 16 हजार और बेसन के मामले में 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। सात्विक फूड प्रोडक्ट्स पर छेना मिठाई और मिल्क केक के मामलों में 20 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।इसी तरह अमन किराना स्टोर पर रस्क के मामले में आठ हजार और दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति पर पनीर के मामले में 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

पानी के नमूने भी जांच में फेल

सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के दो नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें धरमपुर, भगवतीगंज स्थित स्वान ग्लोबल कंपनी का नमूना अवमानक पाया गया। वहीं, तुलसीपुर के जरवा रोड स्थित आईके फूड एंड बेवरेजेज का नमूना अवमानक होने के साथ असुरक्षित भी मिला। विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जांच और कार्रवाई जारी है।

Updated on:
26 Nov 2026, 6:03 PM IST
Published on: