
छात्राओं को अधिकारी ने बैज लगाकर किया सम्मानित फोटो सोर्स विभाग
Balrampur News: बलरामपुर जिले के विशुनपुर विश्राम स्थित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में छात्राओं ने मतदान के जरिए अपनी सरकार चुन ली। छात्र संसद चुनाव में कक्षा 12 की अमृता प्रधानमंत्री और खुशबू उप प्रधानमंत्री निर्वाचित हुईं। इसके अलावा हाउस कैप्टन और वाइस कैप्टन के पदों पर भी छात्राओं ने जीत दर्ज की। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया और उन्हें विद्यालय की व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बलरामपुर जिले में जनजाति विकास द्वारा संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, विशुनपुर विश्राम में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से छात्र संसद चुनाव का सफल आयोजन किया गया। विद्यालय में छात्र संसद के गठन के लिए विभिन्न पदों पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से चुनाव संपन्न कराया गया। चुनाव के अंतर्गत प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री, हाउस कैप्टन एवं वाइस कैप्टन के पदों के लिए विद्यार्थियों ने मतदान किया। चुनाव प्रक्रिया विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं जॉइंट मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
छात्र संसद चुनाव के घोषित परिणामों के अनुसार प्रधानमंत्री पद पर कक्षा 12 की छात्रा अमृता तथा उप प्रधानमंत्री पद पर खुशबू निर्वाचित हुई। इसी प्रकार हाउस कैप्टन के पद पर ऋचा, अनुराधा, पिंकी एवं रुक्मिणी तथा वाइस कैप्टन के पद पर सन्ध्या, अनुराधा, रुक्मिणी एवं कनिया हड़मुन ने विजय प्राप्त की।
छात्र संसद चुनाव के अंतर्गत मतदान एवं मतगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। चुनाव परिणाम घोषित होने के उपरांत सभी विजयी छात्र प्रतिनिधियों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। तथा उन्हें उनके नए दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। छात्र संसद के गठन के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया में सहभागिता करने तथा प्रतिनिधित्व एवं नेतृत्व के महत्व को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट, बलरामपुर ने नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उनके कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के निर्वहन के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, ईमानदारी एवं विद्यालय की व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने में सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी विजयी छात्र प्रतिनिधियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के चुनावों से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं प्रशासनिक समझ का विकास होता है। उन्होंने कहा कि छात्र संसद जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को नेतृत्व करने, सामूहिक निर्णय लेने तथा अपने दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान करती हैं। इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता विकसित होती है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
20 Nov 2026, 5:15 PM IST
Published on:
20 Nov 2026, 5:15 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबलरामपुर
उत्तर प्रदेश




