
Balrampur Family Death Case: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के झौहना गांव में शुक्रवार शाम सामने आई एक ही परिवार के चार लोगों के मौत की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। लेकिन घटनास्थल से मिले तीन देसी तमंचे, खून लगी कैंची, सीसीटीवी की चार घंटे से अधिक की गायब रिकॉर्डिंग और मोबाइल में मिला सुसाइड वीडियो इस मामले को बेहद रहस्यमय बना रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी है।
बलरामपुर के झौहना गांव में हुई इस दर्दनाक घटना ने कई ऐसे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब पुलिस तलाश रही है। सबसे बड़ा सवाल घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को लेकर है। पुलिस के मुताबिक कैमरे में दोपहर 3:09 बजे के बाद से शाम 7:30 बजे तक कोई रिकॉर्डिंग नहीं मिली है। जबकि इसके बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़ के फुटेज कैमरे में मौजूद हैं। ऐसे में चार घंटे नौ मिनट की रिकॉर्डिंग गायब होना। जांच का अहम बिंदु बन गया है। पुलिस को घटनास्थल से तीन देसी तमंचे, दो मोबाइल फोन और खून लगी एक कैंची बरामद हुई है।
मोबाइल की जांच के दौरान एक वीडियो भी मिला है। जिसमें बजरंगी गिरी कथित तौर पर कर्ज से परेशान होकर पूरे परिवार के साथ आत्महत्या करने की बात करता दिखाई दे रहा है। हालांकि घटनास्थल से तीन तमंचों का मिलना पूरे घटनाक्रम को और उलझा रहा है। यही वजह है कि पुलिस फिलहाल किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के झौहना गांव से शुक्रवार देर शाम सूचना मिली थी कि एक घर में चार लोगों की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। और साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान 28 वर्षीय बजरंगी गिरी, उनकी 22 वर्षीय पत्नी कोमल गिरी, तीन वर्षीय बेटी श्रद्धा और 10 माह के बेटे जयदीप के रूप में हुई है। एसपी के अनुसार तीन लोगों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। जबकि सबसे छोटे बेटे के शरीर पर फायर इंजरी नहीं बल्कि अन्य घाव मिले हैं। इसकी स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करते समय मृतक के छोटे भाई ने पुलिस को तीनों तमंचे सौंपे और बताया कि वे शवों के पास पड़े थे। जिन्हें उसने उठाकर अलग रख दिया था। कमरे से बरामद खून लगी कैंची, अन्य कमरों में मिले खून के निशान, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। लेकिन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हम इस मामले को न्याय तक पहुंचाएंगे।