
कानपुर में शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
Kanpur Crime News: कानपुर में पुलिस विभाग से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने दारोगा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि दारोगा ने पहले शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और शिकायत के बाद कार्रवाई से बचने के लिए उससे शादी कर ली। महिला का आरोप है कि शादी के बाद दारोगा ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। पीड़िता ने कई बार पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
महिला का आरोप है कि शादी के बाद कुछ समय तक सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में दारोगा का व्यवहार बदल गया। उसने आरोप लगाया कि दारोगा ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। महिला का दावा है कि दारोगा ने उससे कहा कि शादी तो सिर्फ दुष्कर्म के मामले से बचने के लिए की गई थी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दारोगा ने उसके खिलाफ अदालत में तलाक का केस दाखिल कर दिया है।
महिला कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र की रहने वाली है। उसका आरोप है कि साल 2024 में उसकी इंस्टाग्राम के जरिए सेन पश्चिम पारा थाने में तैनात दारोगा सत्येंद्र गौतम से दोस्ती हुई थी। उस समय महिला एमटेक की पढ़ाई कर रही थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। महिला का आरोप है कि दारोगा ने उससे शादी करने का वादा किया और एक दिन अपने कमरे पर बुलाया। वहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि विरोध करने पर भी दारोगा ने शादी का आश्वासन दिया और बाद में कई बार संबंध बनाए।
महिला का कहना है कि जब शादी नहीं हुई तो उसने साल 2024 में कानपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। महिला का आरोप है कि शिकायत के बाद कार्रवाई से बचने के लिए दारोगा ने पहले मंदिर में शादी की और फिर विवाह का रजिस्ट्रेशन भी कराया।
महिला का कहना है कि वह कई बार पुलिस अधिकारियों को शिकायत दे चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उसका कहना है कि शादी के बाद वह अपने परिवार से भी दूर हो गई और अब उसके पास रहने और खर्च चलाने का कोई सहारा नहीं है। महिला ने मांग की है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर उसे न्याय दिलाया जाए।
मामले में डीसीपी साउथ डीएन चौधरी ने बताया कि महिला और दारोगा की शादी हुई थी। बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को कई बार बुलाकर समझाने की कोशिश की गई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसीपी को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर महिला अपने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आवेदन देती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
31 Jul 2026 09:54 pm
Published on:
31 Jul 2026 09:53 pm
