29 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

IIT कानपुर में प्रोफेसर पति पर पत्नी ने दर्ज कराई FIR: मैरिटल रेप, मारपीट और अवैध संबंधों के गंभीर आरोप

Crime News: आईआईटी कानपुर की एक महिला प्रोफेसर ने अपने प्रोफेसर पति पर घरेलू हिंसा, मैरिटल रेप के प्रयास, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, अन्य महिलाओं से संबंध और आर्थिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification
Kanpur News

सांकेतिक फोटो पत्रिका

IIT Kanpur Professor: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर में कार्यरत एक सहायक प्रोफेसर ने अपने ही संस्थान के प्रोफेसर पति पर घरेलू हिंसा, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना, अन्य महिलाओं से कथित संबंध, वैवाहिक दुष्कर्म (मैरिटल रेप) का प्रयास, जान से मारने की धमकी और आर्थिक शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर कल्याणपुर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला सामने आने के बाद संस्थान और शिक्षाविदों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है।

शादी के कई साल बाद रिश्ते में बढ़ी कड़वाहट

पुलिस को दी गई तहरीर में महिला प्रोफेसर ने बताया कि उनकी शादी 14 दिसंबर, 2012 को हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। उनके अनुसार वर्ष 2025 से वैवाहिक संबंधों में तनाव बढ़ने लगा। हालात इतने बिगड़ गए कि फरवरी 2026 में वह आईआईटी परिसर स्थित दूसरे आवास में रहने लगीं, जबकि उनके पति अलग आवास में रहने लगे। महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान उनके पति ने वर्ष 2022 में अपने अधीन कार्य करने वाली एक विवाहित पीएचडी शोध छात्रा के साथ शारीरिक संबंध होने की बात स्वीकार की थी। इसके अलावा नवंबर 2025 से संस्थान की ही एक अन्य महिला प्रोफेसर के साथ भी उनके कथित अवैध संबंध होने की जानकारी मिली। विरोध करने पर पति ने उन्हें इसे स्वीकार कर चुप रहने की सलाह दी।

जबरन संबंध बनाने के प्रयास और मारपीट का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 4 जुलाई 2026 की रात महिला की स्पष्ट असहमति के बावजूद उनके पति ने जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। इसके बाद 7 जुलाई की रात वह जबरन उनके लिविंग रूम में रहने लगे और अगले दिन बेडरूम में घुसकर मोबाइल फोन से छेड़छाड़ की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 11 नवंबर 2025 को पति ने घर में तोड़फोड़ की, खौलता दूध और चाय दीवारों पर फेंक दी, शादी की तस्वीरें हथौड़े से तोड़कर जला दीं और बड़े चाकू से जान से मारने की धमकी दी। 15 जनवरी 2026 को छह वर्षीय बेटे के सामने उन्हें जमीन पर पटककर चेहरे और सिर पर कई थप्पड़ मारे। वहीं लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण 30 अप्रैल 2026 को उन्हें एंग्जायटी अटैक आया, जिसके बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

निजी जानकारी साझा करने और आर्थिक शोषण का भी आरोप

महिला प्रोफेसर ने आरोप लगाया कि उनके पति ने वैवाहिक जीवन से जुड़ी निजी और अंतरंग जानकारियां ई-मेल के जरिए अन्य लोगों को भेजीं। साथ ही घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाकर उनकी और बच्चों की लगातार निगरानी कराई। उन्होंने आर्थिक शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों तक घर के रखरखाव, कर्मचारियों के वेतन और अन्य घरेलू खर्चों का बड़ा हिस्सा उन्होंने स्वयं उठाया, जिससे उनकी व्यक्तिगत बचत समाप्त हो गई। वर्तमान में वह प्रोबेशन पर हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त मानसिक दबाव बना हुआ है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, साक्ष्य जुटाने में जुटी जांच टीम

कल्याणपुर पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर घरेलू हिंसा, मारपीट, आपराधिक धमकी, शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है और सभी उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी खबरें

View All

कानपुर

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग