बलरामपुर

Balrampur: बलरामपुर में 20 लाख से बदली सरकारी लाइब्रेरी की सूरत, अब वाई-फाई के साथ पढ़ाई करेंगे युवा

Balrampur News: बलरामपुर में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की पहल पर राजकीय लाइब्रेरी को करीब 20 लाख रुपये से आधुनिक बनाया गया है। यहां 106 छात्र-छात्राओं को वाई-फाई, आधुनिक स्टडी डेस्क और बेहतर अध्ययन वातावरण मिल रहा है। जानिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए लाइब्रेरी में क्या सुविधाएं बढ़ाई गई हैं।
3 min read
• •
Updated: 22 Oct 2026, 6:30 PM IST
Gonda
बच्चों से बात करते डीएम फोटो सोर्स विभाग

Balrampur News: बलरामपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें बेहतर अध्ययन सुविधाओं के लिए निजी लाइब्रेरी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित राजकीय लाइब्रेरी को करीब 20 लाख रुपये खर्च कर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां वाई-फाई, आधुनिक स्टडी डेस्क और बेहतर अध्ययन व्यवस्था के बीच 106 छात्र-छात्राएं अपनी तैयारी कर रहे हैं।

बलरामपुर जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने राजकीय लाइब्रेरी की सुविधाओं को नया रूप दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में स्थित इस लाइब्रेरी का करीब 20 लाख रुपये की लागत से उच्चीकरण कराया गया है। अब यहां विद्यार्थियों को पुस्तकों के साथ डिजिटल माध्यमों से पढ़ाई करने की सुविधा भी मिल रही है।

डीएम ने फीता काटकर बच्चों से कराया उद्घाटन फोटो सोर्स विभाग

छात्राओं ने किया आधुनिक लाइब्रेरी का शुभारंभ

जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की मौजूदगी में छात्राओं ने फीता काटकर उच्चीकृत लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को आगे रखकर कार्यक्रम आयोजित करने का संदेश भी दिया गया। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना। उन्हें अपने भविष्य के लिए बेहतर तैयारी करने के अवसर उपलब्ध कराना है। लाइब्रेरी का कायाकल्प क्रिटिकल गैप योजना के तहत करीब 20 लाख रुपये की धनराशि से कराया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि विद्यार्थियों को जिले में ही ऐसा माहौल मिले। जहां वे बिना किसी व्यवधान के पढ़ाई कर सकें और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मजबूत बना सकें।

वाई-फाई और आधुनिक स्टडी डेस्क की सुविधा

राजकीय लाइब्रेरी में फिलहाल 106 छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। यहां वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिससे विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी जानकारियां हासिल करने में मदद मिलेगी। आधुनिक स्टडी डेस्क और बेहतर अध्ययन व्यवस्था के जरिए लाइब्रेरी को सुविधाजनक बनाया गया है।
इस पहल से विद्यार्थियों को किताबों के साथ इंटरनेट आधारित शैक्षिक संसाधनों का उपयोग करने का अवसर मिलेगा। खासकर उन युवाओं के लिए यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है। जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं।

DM ने विद्यार्थियों से जाना तैयारी का हाल

लाइब्रेरी के शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय के सही इस्तेमाल का महत्व समझाया। जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उसे हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करना जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखते हुए पूरी लगन से तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने डिजिटल संसाधनों का उपयोग करने और उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।

सुविधाओं के रखरखाव पर भी जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि संसाधनों की कमी किसी विद्यार्थी की प्रतिभा के विकास में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी सोच के साथ लाइब्रेरी को बेहतर बनाया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, सुविधाओं के रखरखाव और व्यवस्थित संचालन के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को लगातार अनुकूल वातावरण मिलता रहे। करीब 20 लाख रुपये से विकसित यह लाइब्रेरी जिले के युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे स्थानीय स्तर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

Updated on:
22 Oct 2026, 6:30 PM IST
Published on:
Also Read
View All
Balrampur: बलरामपुर में बच्चों और किसानों के अनोखे नवाचार देख अफसर भी हुए प्रभावित, जानिए प्रदर्शनी में क्या-क्या दिखा

Liquor shop closed: बलरामपुर जिले में 23 अक्टूबर को बंद रहेंगी शराब की दुकानें, जानें कितने बजे से लागू होगा आदेश

केशव मौर्य ने बलरामपुर सड़क हादसे पर जताया गहरा दुख, घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की

Balrampur: बलरामपुर में 37 केंद्रों पर होगी धान की खरीद, समर्थन मूल्य में हुआ इजाफा, किसानों को मिलेंगे इतने रुपये प्रति क्विंटल

Balrampur News: योगी सरकार का बड़ा तोहफा, मानदेय में बढ़ोतरी के साथ ग्राम प्रहरियों को मिलेगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज