
Balrampur News:बलरामपुर जिले में करीब 14 साल से बंद पड़े दुग्ध अवशीतन केंद्र के दोबारा शुरू होने से किसानों और पशुपालकों के लिए कमाई का नया रास्ता खुला है। तहसील सदर के शेखरपुर, हरिहरगंज स्थित केंद्र का डीएम विपिन कुमार जैन ने शुभारंभ किया। फिलहाल यहां रोजाना 2000 लीटर दूध के अवशीतन से शुरुआत हुई है। अगले एक-दो महीने में इसकी क्षमता 10 हजार लीटर करने का लक्ष्य है।
बलरामपुर जिले में किसानों एवं दुग्ध उत्पादकों की आय में वृद्धि तथा दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। तहसील सदर के ग्राम शेखरपुर, हरिहरगंज स्थित वर्ष 2012 से बंद पड़े दुग्धशाला विकास विभाग के दुग्ध अवशीतन केंद्र को पुनः संचालित किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने फीता काटकर केंद्र के पुनः संचालन का शुभारंभ किया। करीब 14 वर्षों से बंद पड़े दुग्ध अवशीतन केंद्र के पुनः संचालन से दुग्ध उत्पादकों की आय में वृद्धि होगी। केंद्र का संचालन प्रारंभिक चरण में 2000 लीटर की क्षमता से शुरू किया गया है। जिसे आगामी एक से दो माह में बढ़ाकर 10 हजार लीटर तक किए जाने का लक्ष्य है। जिले में दुग्ध अवशीतन केंद्र के संचालन से किसानों एवं पशुपालकों को दूध की बिक्री की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही दूध का उचित मूल्य मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। इससे दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा।
डीएम ने बताया कि किसानों एवं दुग्ध उत्पादकों की आय में वृद्धि के लिए जनपद में विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। लंबे समय से बंद पड़े दुग्ध अवशीतन केंद्र का पुनः संचालन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। केंद्र के संचालन से किसानों एवं दुग्ध उत्पादकों को उनके दूध का उचित मूल्य मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि जिले के दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में नई दुग्ध समितियों का गठन किया जाएगा। जिससे किसानों एवं पशुपालकों से सरलतापूर्वक दूध का संग्रहण किया जा सके। इससे अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों को केंद्र से जोड़ने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना के चयनित लाभार्थियों के लिए एक दिवसीय क्षमता उन्नयन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। डीएम ने मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना के अंतर्गत चयनित 28 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को 80 हजार रुपये मूल्य की दो गायें प्रदान की जाएंगी। दुग्ध अवशीतन केंद्र के पुनः संचालन एवं दुग्ध समितियों के विस्तार से जिले में दुग्ध व्यवसाय को नई गति मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। किसानों एवं पशुपालकों की आय में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।