बलरामपुर

Balrampur: बलरामपुर में कुपोषित बच्चों के लिए बदली पोषण की थाली, गुड़-चना से लेकर लोहे की कड़ाही तक बांटी गई

Balrampur News: बलरामपुर में कुपोषण के खिलाफ एक अलग अंदाज में मुहिम शुरू हुई है। बच्चों को सिर्फ पोषण पैकेट नहीं, बल्कि गुड़, चना, सत्तू और लोहे की कड़ाही भी दी जा रही है। मंडलायुक्त की इस पहल का मकसद क्या है और चार जिलों में कितने बच्चों तक पहुंचा अभियान, पढ़िए पूरी खबर।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 4:49 PM IST
balrampur
लाभार्थियों को मिली पोषण पोटली फोटो सोर्स विभाग

Balrampur News: बलरामपुर में कुपोषण से जंग लड़ने के लिए अब पारंपरिक खानपान को हथियार बनाया जा रहा है। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर चल रहे ‘परंपरा से पोषण’ अभियान के तहत 250 अतिकुपोषित बच्चों और उनकी माताओं को पोषण सामग्री दी गई। खास बात यह है कि इस पैकेज में गुड़, भुना चना और सत्तू के साथ लोहे की कड़ाही भी शामिल है। ताकि बच्चों की सेहत सुधर सके।

बलरामपुर जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, कुपोषण की समस्या को दूर करने तथा पारंपरिक पौष्टिक खानपान की समृद्ध भारतीय परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर संचालित ‘परंपरा से पोषण’ अभियान प्रभावी रूप से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में बलरामपुर जिले में पोषण सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित कर 250 अतिकुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई गई।

लाभार्थियों के साथ डीएम सीडीओ विधायक फोटो सोर्स विभाग

पारंपरिक खानपान और आधुनिक पोषण का समन्वय

अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों को गुड़, भुना चना, सत्तू जैसे स्थानीय एवं पारंपरिक पौष्टिक खाद्य पदार्थों के साथ कैल्शियम, ओआरएस-जिंक तथा पोषक तत्वों से युक्त फोर्टिफाइड टेक होम राशन (THR) उपलब्ध कराया गया। लोहे की कड़ाही के वितरण का उद्देश्य भोजन में आयरन की उपलब्धता बढ़ाने के पारंपरिक उपाय को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से माताओं को दैनिक भोजन में पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विधायक पल्टूराम ने कहा कि मातृ एवं शिशु पोषण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। पारंपरिक खाद्य पदार्थों को दैनिक खानपान में शामिल कर कुपोषण की समस्या से प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है। जिलाधिकारी विपिन जैन ने कहा कि ‘परंपरा से पोषण’ अभियान पारंपरिक खाद्य परंपराओं को पुनर्जीवित करने के साथ ही महिलाओं एवं बच्चों को बेहतर पोषण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लाभार्थियों का नियमित फॉलोअप किया जाए तथा बच्चों के वजन, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिससे अभियान का वास्तविक लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने कहा कि आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, नियमित निगरानी तथा माताओं को पोषण संबंधी परामर्श उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और प्रभावी बनाया जाएगा।

चारों जनपदों में 1,046 लाभार्थियों तक पहुंचा अभियान

उल्लेखनीय है कि मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर देवीपाटन मण्डल के चारों जनपदों में ‘परंपरा से पोषण’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत अब तक गोण्डा में 250, बहराइच में 296, श्रावस्ती में 250 तथा बलरामपुर में 250 अतिकुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को पोषण सामग्री वितरित की जा चुकी है। इस प्रकार मण्डल में कुल 1,046 लाभार्थियों को अभियान से लाभान्वित किया गया है।

सामग्री वितरण से आगे, पोषण की आदतों में बदलाव का प्रयास

मण्डलायुक्त की इस पहल की विशेषता यह है कि इसका उद्देश्य केवल पोषण सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि पारंपरिक एवं स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को परिवारों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है। इसके माध्यम से माताओं को बच्चों के संतुलित आहार, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करते हुए कुपोषण के विरुद्ध सामूहिक जनभागीदारी विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Updated on:
26 Nov 2026, 4:49 PM IST
Published on: