
Yogi Adityanath Statement: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए खुला चैलेंज दिया है। सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश को सीधा ऑफर देते हुए कहा है कि दोनों अयोध्या धाम से चुनाव लड़ें। मुख्यमंत्री योगी ने यह चुनौती बलरामपुर में एक सार्वजनिक सभा में दी, जिसका वीडियो उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर साझा किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अखिलेश यादव मैं आपको ऑफर करता हूं। आइए, आप भी श्री अयोध्या धाम में नामांकन करिए और मैं भी करता हूं… एक बार किस्मत अजमा लेते हैं। उन्होंने साफ कहा कि लड़ाई चेले-चेलों से नहीं, बल्कि आमने-सामने होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अयोध्या को अपनी आस्था की स्थली बताया और कहा कि वे वहां विकास सुनिश्चित करने के लिए बार-बार जाते हैं, न कि सिर्फ चुनाव के लिए।
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अयोध्या में सिर्फ तीन-चार घंटे बिजली मिलती थी, शहर गंदगी में डूबा रहता था, जय श्री राम बोलने पर प्रतिबंध था और बैरियर लगाए जाते थे। उन्होंने दावा किया कि आज अयोध्या राम राज्य का नया उदाहरण बन चुका है और त्रेता युग की याद दिला रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि माफिया और पेशेवर अपराधियों के सामने नाक रगड़ने वाले लोग उनसे कैसे लड़ पाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता पहले ही इनकी छुट्टी कर चुकी है और अब इनकी स्थिति खिसियानी बिल्ली जैसी हो गई है।
मुख्यमंत्री योगी ने आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए के 80 प्रतिशत सीटें जीतने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बाकी 20 प्रतिशत सीटें भले ही विपक्ष के पास चली जाएं, लेकिन विकास का काम रुकने नहीं देंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की तारीफ करते हुए उन्होंने सड़क, बिजली, पानी, बाढ़ नियंत्रण और युवाओं के रोजगार पर जोर दिया। इस चुनौती के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। कई समर्थक योगी के ऑफर को अखिलेश यादव के लिए सीधी चुनौती बता रहे हैं।