बलरामपुर

Balrampur News: औरंगजेब की कैद में पानी को तरसे थे शाहजहां, बेटे से कही थी हिंदुओं की यह बात: सीएम योगी

Balrampur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर में शाहजहां और औरंगजेब से जुड़ा ऐतिहासिक प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि शाहजहां ने हिंदुओं की श्राद्ध और तर्पण परंपरा को श्रेष्ठ बताया था। इस दौरान योगी ने सनातन धर्म, राष्ट्र प्रथम और ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ के जनसेवा कार्यों पर भी विचार रखे।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 10:48 AM IST
Cm yogi
तुलसीपुर में संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फोटो सोर्स सूचना विभाग

Balrampur News: बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहजहां और औरंगजेब से जुड़ा एक ऐतिहासिक प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि जब औरंगजेब ने अपने पिता शाहजहां को आगरा के किले में कैद कर दिया था। और वे पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे थे। तब उन्होंने हिंदुओं की श्राद्ध और तर्पण की परंपरा को श्रेष्ठ बताया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे। यहां ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ महाराज की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में शामिल हुए। उन्होंने व्यास पीठ और शक्तिपीठ को नमन किया और महंत महेंद्र नाथ महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शाहजहां और औरंगजेब से जुड़ा एक ऐतिहासिक प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि औरंगजेब ने अपने पिता शाहजहां को आगरा के किले में कैद कर दिया था। उन्हें 24 घंटे में केवल एक छोटा घड़ा पानी दिया जाता था। जब शाहजहां पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसने लगे तो उन्होंने औरंगजेब को कोसते हुए कहा था कि तुमसे अच्छे तो हिंदू हैं। जो जीवित रहते हुए अपने बुजुर्गों की सेवा करते हैं। और मृत्यु के बाद भी श्राद्ध-तर्पण के माध्यम से उन्हें याद करते हैं। योगी ने कहा कि सनातन धर्म में पूर्वजों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की विशेष परंपरा है। आश्विन मास के कृष्ण पक्ष के 15 दिन पितरों को समर्पित होते हैं। इस दौरान लोग श्राद्ध और तर्पण करके अपने पूर्वजों का स्मरण करते हैं।

पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते मुख्यमंत्री फोटो सोर्स विभाग

भारत और सनातन धर्म एक-दूसरे के पूरक

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और सनातन धर्म को अलग-अलग करके नहीं देखा जा सकता। भारत मजबूत होगा तो सनातन धर्म भी मजबूत होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नेशन फर्स्ट' यानी राष्ट्र प्रथम के मंत्र को हर भारतीय का संकल्प बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि केवल भाषण और उपदेश देने से परिणाम नहीं आते। इसके लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभानी होगी। विद्यार्थी मन लगाकर पढ़ाई करें। शिक्षक बच्चों को अच्छी शिक्षा दें। किसान मेहनत करें और व्यापारी ईमानदारी से काम करें। इसी तरह संत समाज में जागरूकता फैलाएं और गोपालक गायों की सेवा करें। तभी देश मजबूत बनेगा।

महंत महेंद्र नाथ के कार्यों को किया याद

योगी ने कहा कि महंत महेंद्र नाथ महाराज ने गोरखपुर में महंत अवेद्यनाथ महाराज के सानिध्य में जो सीखा, उसे देवीपाटन में आगे बढ़ाया। उन्होंने 1994 में थारू जनजाति के बच्चों के लिए छात्रावास शुरू कराया। इसके अलावा धर्मशालाएं, स्कूल, अस्पताल, सीबीएसई विद्यालय, गोशाला और निशुल्क अन्नपूर्णा भोजनालय जैसी सुविधाएं विकसित कराईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी संत को सच्ची श्रद्धांजलि उनके बताए रास्ते और मूल्यों पर चलकर ही दी जा सकती है।

Updated on:
28 Nov 2026, 10:48 AM IST
Published on: