बांदा

Banda News:नहाते वक्त पत्नी पर बरसी कुल्हाड़ी, खून से सना घर छोड़ फरार हुआ पति; बेटी की चीख से कांपा गांव

Wife murder by husband:बांदा के बगेहटा गांव में पति ने घरेलू विवाद के दौरान नहाती पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि बेटी की चीख से गांव में सनसनी फैल गई।
2 min read
Apr 16, 2026
Feature image

बांदा जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के बगेहटा गांव में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घर के अंदर खून से लथपथ शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए। वही सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।

पुलिस के अनुसार, बगेहटा गांव निवासी 52 वर्षीय सरफिया का अपने पति मोबीन के साथ आए दिन विवाद होता रहता था। सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के दौरान जब महिला नहा रही थी, तभी आरोपी पति ने गुस्से में आकर उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर कई गंभीर वार होने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के समय घर में उनकी बेटी मौजूद नहीं थी। वह रोज की तरह कोचिंग पढ़ने गई हुई थी। जब वह वापस लौटी और घर के अंदर पहुंची, तो सामने का दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। मां का खून से सना शव देखकर वह बदहवास हो गई और जोर-जोर से रोने लगी। बेटी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला घरेलू कलह का बताया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि मामला इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगा। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

Updated on:
16 Apr 2026 06:09 pm
Published on:
16 Apr 2026 03:48 pm