बांदा

Banda News: बारात से लौटे, लेकिन घर नहीं पहुंच सके,एक टक्कर में बुझ गई भाई-बहन की जिंदगी

Banda Road Accident:बांदा के नरैनी में शादी से लौट रहे भाई-बहन की बुलेट और स्कॉर्पियो की टक्कर में मौत हो गई। एक युवक गंभीर घायल है। हादसा सुबह हुआ, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

2 min read
Apr 26, 2026
Feature image
सांकेतिक फोटो

बांदा जिले के नरैनी क्षेत्र में रविवार एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रहे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और स्कॉर्पियो सड़क किनारे खंती में पलट गई।

शादी से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बरुआ कालिंजर निवासी 24 वर्षीय अजय राजपूत अपनी 20 वर्षीय मौसेरी बहन प्रभा राजपूत और उसके पति राकेश (23) के साथ अतर्रा क्षेत्र के लोधन पुरवा से शादी समारोह में शामिल होकर बुलेट से वापस घर लौट रहे थे। रविवार सुबह करीब पांच बजे जैसे ही उनकी बाइक नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पड़मई गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान बहन ने भी तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी पहुंचाया। वहां डॉक्टर नागेंद्र शुक्ला ने अजय को मृत घोषित कर दिया। प्रभा और राकेश की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज बांदा रेफर किया गया। इलाज के दौरान प्रभा ने भी दम तोड़ दिया, जबकि राकेश का इलाज जारी है। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

परिजनों के अनुसार, अजय अपने पिता का इकलौता बेटा था और एसएससी की तैयारी कर रहा था। वहीं प्रभा की शादी फरवरी 2026 में ही हुई थी, लेकिन शादी के महज तीन महीने बाद ही उसकी मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक राजेश कुमार और कल्बे अब्बास मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संदीप तिवारी के अनुसार, हादसे की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Updated on:
26 Apr 2026 11:50 pm
Published on:
26 Apr 2026 07:50 pm