बांदा

Banda News:दुनिया कहेगी- एक था बांदा , अखिलेश यादव का X पर पोस्ट, BJP सरकार पर लगाया जिले को मिटाने का आरोप

Banda Mining:समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने X पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर बांदा को अवैध खनन और प्राकृतिक दोहन से खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पलायन बढ़ रहा है और समय रहते लोग नहीं जागे तो बांदा अपना ऐतिहासिक अस्तित्व खो देगा।

2 min read
May 18, 2026
सांकेतिक फोटो

Banda Latest News:उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और Akhilesh Yadav ने बांदा में हो रहे कथित अवैध खनन और पर्यावरणीय नुकसान को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश जारी करते हुए कहा कि यदि बांदा का शोषण और दोहन इसी तरह जारी रहा तो आने वाले समय में लोग कहेंगे, “एक था बांदा।”

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में भाजपा सरकार और कथित तौर पर उससे जुड़े ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लालच में प्राकृतिक संसाधनों का निर्मम उत्खनन किया जा रहा है, जिससे बांदा का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाबद्ध तरीके से बांदा को खत्म किया जा रहा है और दूसरी जगहों को बसाने की कोशिश हो रही है।

ये भी पढ़ें

Kanpur News:बच्चे के लोवर का नाड़ा टूटा तो भड़का पड़ोसी, युवक को घसीटकर पीटा,मुकदमा दर्ज

‘प्राकृतिक उत्पीड़न’ से पलायन बढ़ने का दावा

सपा प्रमुख ने कहा कि लगातार हो रहे खनन और पर्यावरणीय क्षति का असर अब स्थानीय जीवन पर भी दिखाई देने लगा है। उनके मुताबिक बांदा का पैदावार चक्र प्रभावित हो रहा है, रोजगार और कारोबार कम हो रहे हैं, जिससे लोग दूसरे शहरों की ओर पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं।

उन्होंने इसे “प्राकृतिक पलायन” बताते हुए कहा कि इस स्थिति का असर बांदा की आर्थिक और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी पड़ रहा है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि क्षेत्र की संपत्तियों का मूल्य घट रहा है और जिले का मान-सम्मान भी प्रभावित हो रहा है।

बांदा बचाने के लिए एकजुट होने की अपील

अपने संदेश में अखिलेश यादव ने बांदा के प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को बचाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, पत्रकारों, पर्यावरण प्रेमियों, छात्र-युवा संगठनों, महिला समूहों और सामाजिक संगठनों से राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते लोग आगे नहीं आए तो बांदा पर्यावरणीय नक्शे से गायब हो सकता है और अपना ऐतिहासिक तथा सामाजिक-आर्थिक महत्व हमेशा के लिए खो देगा।

सोशल मीडिया पर तेज हुई राजनीतिक बहस

अखिलेश यादव के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। समर्थक जहां इसे बांदा और बुंदेलखंड के पर्यावरणीय संकट की आवाज बता रहे हैं, वहीं भाजपा समर्थक इसे राजनीतिक बयानबाजी करार दे रहे हैं। सपा कार्यकर्ताओं ने भी #बांदाबचाओभाजपा_हटाओ अभियान को सोशल मीडिया पर तेजी से साझा करना शुरू कर दिया है।

Also Read
View All