बांदा

बांदा में प्रेमी-प्रेमिका ने दी जान, मंदिर के पास जहर खाया, इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

Banda Lovers Suicide Case: बांदा में मंदिर के पास प्रेमी-प्रेमिका ने जहर खाकर जान दे दी। दोनों की एक साल पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। गांववालों की सूचना पर पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार शादी को लेकर अलग-अलग दावे कर रहे हैं।
2 min read
Aug 02, 2026
Banda crime
राजमणि और शत्रुघ्न की फाइल फोटो।

Banda Instagram Love Story Suicide: शनिवार रात के करीब 9 बजे रहे होंगे। लखनपुर गांव के मुहाने पर बने प्राचीन सिंहवाहिनी मंदिर के आसपास सन्नाटा पसरा हुआ था। झींगुरों की आवाज आ रही थी। इस दौरान गांव के दो-तीन युवक मंदिर के चबूतरे के पास से गुजरे। तभी टॉर्च की रोशनी में उन्होंने जो देखा कि चबूतरे के ठीक कोने में एक युवक और युवती बेसुध पड़े थे। उनके मुंह से झाग निकल रहा था और पास ही कीटनाशक की एक खाली शीशी पड़ी थी। टॉर्च की रोशनी चेहरे पर पड़ते ही गांव वालों ने पहचान लिया। युवक लखनपुर का ही शत्रुघ्न (21) था और साथ में बेहोश पड़ी लड़की उसकी प्रेमिका राजमणि (21)।

कौन थे दोनों

राजमणि ने दो साल पहले बीए की पढ़ाई पूरी की थी और उसके बाद घर पर रहकर सिलाई का काम करती थी। वह अपने परिवार में सबसे छोटी थी। परिवार में माता-पिता के अलावा दो भाई और एक बड़ी बहन हैं। पिता रोजी-रोटी के लिए महाराष्ट्र के पुणे में काम करते हैं। वहीं, शत्रुघ्न पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और मुंबई में निर्माण कार्य से जुड़ा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था।

जानें पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, दोनों की मुलाकात करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम-संबंध में बदल गई। 25 जुलाई को शत्रुघ्न मुंबई से अपने गांव लखनपुर आया था। 31 जुलाई को वह राजमणि से मिलने चित्रकूट गया, जिसके बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिल रहा था।

परिजनों के मुताबिक, राजमणि दो दिन पहले सुबह करीब 10 बजे सिलाई का सामान लेने की बात कहकर घर से निकली थी और फिर वापस नहीं लौटी। अगले दिन परिवार को सूचना मिली कि वह शत्रुघ्न के साथ मंदिर के पास बेहोशी की हालत में मिली है। दोनों के घरों के बीच की दूरी करीब 40 किलोमीटर बताई जा रही है।

परिवार का आरोप

लड़की के परिजनों का आरोप है कि दोनों परिवारों के बीच रिश्ते की बात चली थी, लेकिन युवक के परिजनों की ओर से दहेज की मांग के चलते शादी नहीं हो पाई। राजमणि की मां बिजमा ने बताया कि उनकी बेटी ने खुद परिवार को अपने रिश्ते के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद वे फरवरी में विवाह प्रस्ताव लेकर शत्रुघ्न के घर गई थीं। उनके अनुसार, शत्रुघ्न के बड़े भाई ने शादी के लिए एक बाइक और नकद राशि की मांग रखी थी, जिसके चलते बात आगे नहीं बढ़ सकी।

पुलिस की कार्रवाई और बयान

CO बबेरु कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार रात सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सीएचसी कमासिन ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Updated on:
03 Aug 2026 08:19 am
Published on:
02 Aug 2026 12:25 pm